विविध

*जहरीली दुर्गन्ध और गंदे पानी से त्रस्त ग्रामीण, स्कूल के पास चल रही फैक्ट्री बन्द करने की मांग*

 

बेमेतरा/बेरला:- जिले के ब्लॉक बेरला में एक बार फिर प्रदूषण का मामला सामने आ रहे है। बता दे कि जनपद पंचायत बेरला व उप तहसील भिंभौरी के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत बेरलाकला में संचालित एक ग्लोबल एग्रो केमिकल फैक्ट्री से फैल रहे प्रदूषण से पूरा गांव परेशान है। जहरीली दुर्गन्ध और दूषित पेयजल के कारण लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। गुरुवार को सैकड़ों ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर फैक्ट्री की तत्काल जांच और बंद करने की मांग की।

*दूषित हुआ पानी, सांस लेना हुआ दूभर*

आवेदनकर्ता अरुण कुमार साहू सहित ग्रामीणों ने बताया कि फैक्ट्री से निकलने वाले रासायनिक अपशिष्ट जल के कारण गांव के कुएं, हैंडपंप, बोरवेल और अन्य पेयजल स्रोतों का पानी खराब हो गया है। फैक्ट्री से 24 घंटे निकलने वाली तेज दुर्गंध के कारण घरों में रहना भी मुश्किल हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इसका सीधा असर बच्चों, बुजुर्गों, मवेशियों और खेती की जमीन पर पड़ रहा है।

*स्कूल-आंगनबाड़ी से सिर्फ 20 मीटर दूर फैक्ट्री*

ग्रामीणों ने सबसे गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह केमिकल फैक्ट्री स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र से मात्र 20 मीटर की दूरी पर संचालित हो रही है। इतनी कम दूरी पर रासायनिक इकाई होने से पढ़ने वाले बच्चों और आंगनबाड़ी के नन्हे बच्चों के स्वास्थ्य पर बड़ा खतरा मंडरा रहा है। अभिभावकों में बच्चों के बीमार होने को लेकर भय का माहौल है।

*कलेक्टर से की ये मांगें*

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि फैक्ट्री का तत्काल निरीक्षण कराया जाए, गांव के पेयजल स्रोतों का वैज्ञानिक परीक्षण हो, फैक्ट्री से निकलने वाले अपशिष्ट जल, गैस और रासायनिक कचरे की जांच हो, पर्यावरण नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर फैक्ट्री को बंद किया जाए और गांव के लिए शुद्ध पेयजल की वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। ग्रामीणों ने अपनी शिकायत के साथ प्रदूषण के फोटो, वीडियो और सैकड़ों लोगों के हस्ताक्षर भी कलेक्टर को सौंपे हैं। अब जिला प्रशासन की जांच और आगे की कार्रवाई पर पूरे गांव की निगाहें टिकी हुई हैं।

GAUTAM BEMTRA

Related Articles

Back to top button