विविध

*राजस्व की लापरवाही कागजों में अटका किसान का हक, पिता के निधन के बाद भी नहीं मिली राहत बेटे ने कलेक्टर के दरवाजे खटखटाये*

 

बेमेतरा/बेरला:- राजस्व विभाग की लापरवाही की एक और मिसाल सामने आई है। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बेरला का आदेश पारित हुए 2 साल से ज्यादा बीत गए, लेकिन आज तक नक्शा बटांकन नहीं हो सका। परेशान होकर ग्राम बेरलाकला निवासी परमेश्वर साहूने गुरुवार को जिला कलेक्टर से शिकायत कर न्याय की गुहार लगाई है।

*क्या है पूरा मामला*
उप तहसील भिंभौरी क्षेत्र के ग्राम बेरलाकला निवासी स्व. राजाराम साहू ने खसरा नंबर 165/2 की भूमि पर कास्त कब्जे के आधार पर नक्शा बटांकन के लिए आवेदन दिया था। नायब तहसीलदार ने आवेदन निरस्त कर दिया था। इसके बाद परिवार ने एसडीएम न्यायालय में अपील की।

सुनवाई के बाद एसडीएम बेरला ने 28 फरवरी 2024 को छत्तीसगढ़ भू-राजस्व संहिता की धारा 115-116 के तहत नक्शा बटांकन करने का आदेश पारित कर दिया। लेकिन आरोप है कि आदेश के बाद भी राजस्व अमला हरकत में नहीं आया।

*एसडीएम आईडी नहीं मिली कहकर टाल रहे पटवारी*

आवेदक परमेश्वर साहू का कहना है कि आदेश के बाद पटवारी द्वारा यह कहकर टालमटोल की जा रही है कि एसडीएम आईडी नहीं मिली है। इसी वजह से 2 साल से नक्शा बटांकन लंबित पड़ा है।

परमेश्वर ने बताया कि उनके पिता पिछले 4 साल से गंभीर बीमारी से पीड़ित थे। इलाज में कर्ज होने के बाद करीब 60 साल की उम्र में उनका निधन हो गया। अब परिवार की पूरी जिम्मेदारी परमेश्वर पर है। नक्शा बटांकन नहीं होने से उन्हें शासकीय योजनाओं और अन्य राजस्व कार्यों में भी दिक्कत हो रही है।

*पटवारी और एसडीएम का पक्ष*
इस संबंध में पटवारी संगीता परगनिया ने कहा कि उनका तीन जगह कब्जा है और खसरा दो जगह है। अब नक्शा बटांकन मैं किस बेस पर करूंगी? जब खसरा पहले तीन टुकड़ा होगा तभी तो मैं नक्शा बटांकन करूंगी और उनके लिए सक्षम अधिकारी तहसीलदार ही है।

वहीं इस मामले में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व बेरला डिप्टी वर्मा से दूरभाष पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे कोई जवाब नहीं मिल सका।

*कलेक्टर से की मांग*
परमेश्वर साहू ने कलेक्टर से मांग की है कि एसडीएम न्यायालय के आदेश का तत्काल पालन कराया जाए और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जाए, ताकि लंबित नक्शा बटांकन की प्रक्रिया जल्द पूरी हो और उन्हें राहत मिल सके।

GAUTAM BEMTRA

Related Articles

Back to top button