*नवागढ़ कबड्डी प्रतियोगिता में भिंभौरी की टीम ने कब्जाया विजेता का खिताब, खाद्य मंत्री के हाथों मिली चमचमाती ट्रॉफी*

*तीन खिलाड़ी कमल, पुनेश्वर और उमेंद का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन*
बेमेतरा:- शासकीय कोदुराम दलित महाविद्यालय नवागढ़ में आयोजित सेक्टर स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता में नवीन शासकीय महाविद्यालय भिंभौरी की टीम ने अपने उत्कृष्ट एवं शानदार प्रदर्शन के बदौलत ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। इस वृहद खेल आयोजन में कुल 27 महाविद्यालयों की टीमों के लगभग 245 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। कड़े और रोमांचक मुकाबलों के बीच भिंभौरी महाविद्यालय के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल भावना और शानदार तालमेल का परिचय देते हुए सभी प्रतिद्वंद्वी टीमों को पछाड़कर प्रथम स्थान हासिल किया।
*खाद्य मंत्री ने किया सम्मानित*
समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री दयाल दास बघेल उपस्थित रहे। उन्होंने विजेता टीम के उत्कृष्ट खेल की सराहना करते हुए अपने कर-कमलों से भिंभौरी महाविद्यालय की टीम को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया तथा खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
*राज्य स्तर पर दिखाएंगे अपना दम*
महाविद्यालय के लिए एक और गौरव की बात यह रही कि टीम के तीन उत्कृष्ट खिलाड़ियों—कमल कुमार, पुनेश्वर वर्मा और उमेंद सिंह का उनके शानदार प्रदर्शन के आधार पर आगामी राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राचार्य, खेल अधिकारी, समस्त प्राध्यापकों एवं छात्र-छात्राओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।



