विविध

*बेमेतरा परसबोड़ में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण से खेतों का रास्ता बंद, ग्रामीणों ने कलेक्टर जनदर्शन में उठाई गुहार*

 

 

बेमेतरा/साजा:- बेमेतरा जिले की तहसील साजा के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत परसबोड़ के ग्रामीणों ने शासकीय भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटवाने और खेतों तक जाने वाले रास्ते को खुलवाने के लिए कलेक्टर जनदर्शन में शिकायत दर्ज कराई है। ग्रामीणों द्वारा प्रस्तुत आवेदन के अनुसार, ग्राम परसबोड़ स्थित शासकीय नल-नाली भूमि के लगभग 0.01 हेक्टेयर भाग पर गांव के ही कथित व्यक्ति द्वारा कंटीले तार लगाकर कब्जा कर लिया गया है। इस अतिक्रमण की वजह से किसानों का खेतों तक जाने का मुख्य रास्ता बंद हो गया है, जिससे उनका कृषि कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।

 

*अधिकारियों की उपेक्षा से ग्रामीणों में नाराजगी*

 

ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में ग्राम सरपंच द्वारा संबंधित व्यक्ति को नोटिस देकर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन उसने रास्ता खाली नहीं किया। इसके बाद ग्रामीणों ने नायब तहसीलदार साजा के समक्ष आवेदन देकर गुहार लगाई। मामले की जांच के बाद हल्की पटवारी ने अपनी रिपोर्ट (जांच प्रतिवेदन) भी प्रस्तुत कर दी है। इसके बावजूद, नायब तहसीलदार साजा द्वारा अब तक अतिक्रमण हटाने की दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे ग्रामीणों में गहरा असंतोष और नाराजगी व्याप्त है।

 

*कलेक्टर से हस्तक्षेप की मांग*

 

खेती-किसानी के मौसम में रास्ता बंद होने के कारण किसानों को खेतों तक पहुंचने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों और ग्राम पंचायत परसबोड़ ने कलेक्टर से गुहार लगाते हुए मांग की है कि नायब तहसीलदार साजा को तत्काल निर्देशित किया जाए, ताकि शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाकर किसानों के रास्ते को सुचारू रूप से चालू कराया जा सके।

GAUTAM BEMTRA

Related Articles

Back to top button