सेवा संकल्प अभियान की सभी गतिविधियों का आयोजन सुनिश्चित करें-कलेक्टर श्रीमती प्रजापति

*सेवा संकल्प अभियान की सभी गतिविधियों का आयोजन सुनिश्चित करें-कलेक्टर श्रीमती प्रजापति*
*समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों एवं योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की*
*कलेक्टर ने देश में लगातार दो वर्षों से सर्वाधिक शक्कर रिकवरी का नेशनल अवार्ड पाने पर भोरमदेव शक्कर कारखाना को दी बधाई*
कवर्धा, 29 सितंबर 2026। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले में आयोजित होने वाली सभी गतिविधियों का आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत अब तक संपन्न गतिविधियों तथा आगामी आयोजनों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के कार्यों एवं शासकीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी योजनाओं का निर्धारित समयावधि में प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने भोरमदेव शक्कर कारखाना द्वारा लगातार पिछले दो वर्षों तक पूरे देश में सर्वाधिक शक्कर रिकवरी का कीर्तिमान स्थापित कर नेशनल अवार्ड प्राप्त करने पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने शक्कर कारखाना के अधिकारी-कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने भोरमदेव शक्कर कारखाना के अधिकारियों को प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मानित भी किया। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अभिषेक अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्री नरेंद्र पैकरा, श्री आर.पी. अचला, श्री सागर सिंह राज, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती रूचि शार्दुल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
सेवा संकल्प अभियान की गतिविधियों में जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जिले के सभी नगरीय निकायों में आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। इनमें सेवा मेरा योगदान उत्सव, सेवा और स्वच्छता, विद्या दान एवं शिक्षा सहयोग, अन्न एवं वस्त्र दान, कौशल ज्ञान दान एवं प्रशिक्षण, हरित छत्तीसगढ़ एवं पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सुरक्षा एवं जागरूकता, स्वास्थ्य, रक्तदान एवं कल्याण तथा स्थानीय उत्पाद एवं महिला सशक्तिकरण सहित विभिन्न गतिविधियां शामिल हैं। उन्होंने सभी आयोजनों की आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने तथा प्रत्येक गतिविधि में जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सेवा भावना को जन-जन तक पहुंचाना है, इसलिए सभी गतिविधियों में समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं में जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित करने के निर्देश
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत गुरुवार 1 अक्टूबर को जिले के सभी चारों विकासखंडों के हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में आयोजित होने वाली चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने इन आयोजनों में स्थानीय जनप्रतिनिधियों को अनिवार्य रूप से आमंत्रित करने के निर्देश दिए। साथ ही सहायक आयुक्त आदिवासी विकास को इन सभी आयोजनों में छात्रावासों के विद्यार्थियों की भी अनिवार्य भागीदारी सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
जल जन सेवा संकल्प अभियान के कार्यों की सराहना
कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने जल जन सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जल संसाधन विभाग द्वारा किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों की सराहना की। उन्होंने जल संरक्षण एवं जल संवर्धन से जुड़े कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
सेवा सेतु अभियान की तैयारियों की समीक्षा
बैठक में कलेक्टर श्रीमती प्रजापति ने आम जनता को विभिन्न नागरिक सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित सेवा सेतु अभियान के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने 1 अक्टूबर से 7 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले शिविरों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। छत्तीसगढ़ शासन के सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से नागरिकों तक विभिन्न शासकीय सेवाओं और योजनाओं की पहुंच आसान बनाने का उद्देश्य है।
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर बोड़ला में स्वास्थ्य शिविर
कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को गुरुवार 1 अक्टूबर को विकासखंड मुख्यालय बोड़ला में अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने वृद्धजनों के लिए विशेष रूप से स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर आवश्यक स्वास्थ्य जांच एवं सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
सुघ्घर छत्तीसगढ़, ई-ऑफिस और बायोमैट्रिक उपस्थिति की समीक्षा
बैठक में कलेक्टर ने सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान के कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को अभियान के अंतर्गत निर्धारित गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में ई-ऑफिस के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए इसके सफल संचालन के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए। इसी तरह सभी शासकीय कार्यालयों में अधिकारी-कर्मचारियों की बायोमैट्रिक उपस्थिति की जानकारी लेते हुए शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।




