स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत परिसर का रख-रखाव कर कचरे के पुनः उपयोग और पुनर्चक्रण को दिया बढ़ावा

*पंडरिया में आरआरआर सेंटर और एमआरएफ प्लांट की हुई विशेष सफाई*
*स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत परिसर का रख-रखाव कर कचरे के पुनः उपयोग और पुनर्चक्रण को दिया बढ़ावा*
कवर्धा, 29 सितंबर 2026। स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026 के अंतर्गत नगर पालिका परिषद पंडरिया द्वारा आरआरआर सेंटर के रख-रखाव एवं एमआरएफ प्लांट की साफ-सफाई का विशेष अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ कचरे के पुनः उपयोग, पुनर्चक्रण एवं उचित प्रबंधन को बढ़ावा देना रहा।
अभियान के दौरान आरआरआर सेंटर एवं एमआरएफ प्लांट परिसर की साफ-सफाई कर उसे व्यवस्थित एवं स्वच्छ बनाया गया। साथ ही परिसर में उपलब्ध व्यवस्थाओं का रख-रखाव किया गया, ताकि अनुपयोगी एवं पुनः उपयोग योग्य वस्तुओं के संग्रहण और उचित प्रबंधन की प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो सके। इस दौरान नागरिकों को आरआरआर सेंटर के महत्व के संबंध में जानकारी देते हुए बताया गया कि घरों में अनुपयोगी लेकिन पुनः उपयोग योग्य वस्तुओं को इधर-उधर फेंकने के बजाय आरआरआर सेंटर में जमा किया जा सकता है। इससे ऐसी वस्तुओं का पुनः उपयोग एवं उचित प्रबंधन सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी और कचरे की मात्रा को कम किया जा सकेगा।
नगर पालिका परिषद द्वारा नागरिकों से अपील की गई कि वे स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं तथा अपने घरों से निकलने वाले अनुपयोगी एवं पुनः उपयोग योग्य सामान को निर्धारित स्थान पर ही जमा करें। सामूहिक प्रयासों से ही स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित पंडरिया का निर्माण संभव है। स्वच्छता ही सेवा अभियान 2026 के तहत आयोजित इस गतिविधि के माध्यम से कम करें, पुनः उपयोग करें और पुनर्चक्रण करें की अवधारणा को बढ़ावा देते हुए नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया।


