श्रम यशस्वी पुरस्कार के लिए 5 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन
*श्रम यशस्वी पुरस्कार के लिए 5 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन*
कवर्धा, 29 सितंबर 2026। श्रम विभाग द्वारा श्रम के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय कार्य करने वाले श्रमिकों एवं संस्थाओं को स्व. रामानुज प्रताप सिंहदेव स्मृति श्रम यशस्वी पुरस्कार प्रदान किया जाता है। पुरस्कार के लिए चयनित श्रमिक अथवा संस्था को 2 लाख रुपये की पुरस्कार राशि एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। इसके लिए इच्छुक श्रमिक एवं संस्थाएं 5 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
वित्तीय वर्ष 1 अप्रैल 2025 से 31 मार्च 2026 के दौरान श्रम के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले श्रमिकों एवं संस्थाओं का उनके उल्लेखनीय योगदान के आधार पर चयन किया जाएगा। ऐसे श्रमिक एवं संस्थाएं पुरस्कार के लिए पात्र होंगे, जिन्होंने श्रमिकों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य की दिशा में विशेष एवं प्रभावी उपाय किए हों। इसके साथ ही संबंधित अवधि के दौरान संस्थान में कोई गंभीर दुर्घटना नहीं हुई हो तथा श्रमिकों की सुरक्षा के नियमों एवं उपायों के व्यापक प्रचार-प्रसार में उल्लेखनीय योगदान दिया गया हो। ऐसे उल्लेखनीय कार्यों के माध्यम से श्रम जगत में प्रदेश का नाम गौरवान्वित करने वाले श्रमिकों एवं संस्थाओं को पुरस्कार के लिए चयनित किया जाएगा।
इच्छुक श्रमिक एवं संस्थाएं निर्धारित तिथि तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने के लिए श्रम विभाग की वेबसाइट पर जाकर आवेदन प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। श्रम विभाग ने पात्र श्रमिकों एवं संस्थाओं से निर्धारित अंतिम तिथि 5 अक्टूबर 2026 से पूर्व आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की है।



