कबीरधाम विशेष

कवर्धा में 12,004 पात्र बालिकाओं के टीकाकरण का लक्ष्य, कलेक्टर ने नवंबर तक शत-प्रतिशत टीकाकरण के दिए निर्देश

*सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए पात्र बेटियों को एचपीवी का टीका जरूर लगवाएं*

*कवर्धा में 12,004 पात्र बालिकाओं के टीकाकरण का लक्ष्य, कलेक्टर ने नवंबर तक शत-प्रतिशत टीकाकरण के दिए निर्देश*

कवर्धा, 29 सितंबर 2026। सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए जिले में एचपीवी टीकाकरण अभियान को तेज किया जा रहा है। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति ने जिला समय-सीमा की समीक्षा बैठक में सभी खण्ड चिकित्सा अधिकारियों एवं विकासखण्ड शिक्षा अधिकारियों को आपसी समन्वय से अभियान का प्रभावी संचालन करने तथा नवंबर 2026 तक सभी पात्र बालिकाओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
एचपीवी यानी ह्यूमन पैपिलोमा वायरस संक्रमण से बचाव और भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के जोखिम को कम करने के उद्देश्य से जिले में टीकाकरण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। जिले में एचपीवी टीकाकरण की शुरुआत 16 मार्च 2026 को जिला चिकित्सालय कबीरधाम से की गई थी। वर्तमान में रविवार एवं शासकीय अवकाश को छोड़कर प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक टीकाकरण किया जा रहा है।
जिला चिकित्सालय के साथ जिले के सभी 6 सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रों तथा कोल्ड चेन की सुविधा वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों में भी एचपीवी टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध है। इसके अलावा स्कूलों में पात्र बालिकाओं का चिन्हांकन कर टीकाकरण किया जा रहा है।

14 से 15 वर्ष से कम आयु की बालिकाओं को लगेगा टीका

जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. सलिल मिश्रा ने बताया कि 14 वर्ष से अधिक एवं 15 वर्ष से कम आयु की बालिकाओं को एचपीवी का टीका लगाया जाना है। आयु का निर्धारण आधार कार्ड अथवा जन्म प्रमाण पत्र के आधार पर किया जाएगा। टीकाकरण के दौरान बालिकाओं एवं उनके अभिभावकों को एचपीवी संक्रमण, सर्वाइकल कैंसर तथा एचपीवी वैक्सीन के महत्व की जानकारी भी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि विद्यालय स्तर पर पात्र बालिकाओं की पहचान के साथ अभिभावकों की सहमति प्राप्त की जा रही है। स्वास्थ्य एवं शिक्षा विभाग के समन्वय से टीकाकरण के प्रति जागरूकता गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं, ताकि कोई पात्र बालिका टीकाकरण से वंचित न रहे।

जिले में 12,004 बालिकाओं के टीकाकरण का लक्ष्य

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि जिले में कुल 12,004 बालिकाओं को एचपीवी टीका लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की है कि पात्र बालिकाओं को निर्धारित समय पर एचपीवी का टीका अवश्य लगवाएं। उन्होंने बताया कि एचपीवी टीकाकरण सर्वाइकल कैंसर से बचाव की दिशा में महत्वपूर्ण उपाय है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार, वर्ष 2022 में विश्वभर में सर्वाइकल कैंसर से लगभग 3.50 लाख महिलाओं की मृत्यु हुई। सर्वाइकल कैंसर के लगभग 99 प्रतिशत मामले उच्च जोखिम वाले एचपीवी संक्रमण से जुड़े हैं। ऐसे में किशोरावस्था में एचपीवी टीकाकरण भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के जोखिम को कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

Abhitab Namdeo

Related Articles

Back to top button