कस्तूरबा गांधी विद्यालय की छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक से योजनाओं के लाभ और सामाजिक जिम्मेदारी को किया प्रदर्शित*

*बोड़ला की बेटियों ने मंच से दिया सेवा और जागरूकता का संदेश*
*कस्तूरबा गांधी विद्यालय की छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक से योजनाओं के लाभ और सामाजिक जिम्मेदारी को किया प्रदर्शित*
कवर्धा, 29 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित “नमो सेवा गाथा” कार्यक्रम के तहत विकासखंड बोड़ला स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राओं ने बाजार चैक, संकुल केंद्र बोड़ला में नुक्कड़ नाटक एवं नाटकीय प्रस्तुतियों के माध्यम से विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाई। बालिकाओं ने अपने प्रभावी अभिनय और संवाद के माध्यम से योजनाओं के उद्देश्य तथा आमजन के जीवन में उनके प्रभाव को सरल एवं रोचक ढंग से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति आम नागरिकों में जागरूकता बढ़ाने के साथ ही समाज में सेवा, सहभागिता और जिम्मेदारी की भावना को प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुई।
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय की छात्राओं ने एक के बाद एक प्रभावशाली नाट्य प्रस्तुतियां दीं। इनमें बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, डिजिटल बैंकिंग एवं यूपीआई तथा महिला सशक्तिकरण से संबंधित विषयों को शामिल किया गया। छात्राओं ने संवादात्मक एवं भावपूर्ण अभिनय के माध्यम से शिक्षा, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण, वित्तीय जागरूकता और सामाजिक विकास जैसे विषयों पर जनजागरूकता का संदेश दिया। नाट्य प्रस्तुति के दौरान बालिकाओं ने यह भी प्रदर्शित किया कि किस प्रकार विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के जरूरतमंद वर्गों तक पहुंच रहा है। कार्यक्रम में प्रस्तुत प्रदर्शनी के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत की झलक भी दिखाई गई। बालिकाओं की प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया और कार्यक्रम स्थल पर जनजागरूकता का वातावरण बना।
कार्यक्रम में सभापति श्री संदीप गुप्ता, सभापति श्री जस्सू पटेल, भाजपा युवा मोर्चा से श्री आसू चन्द्रवंशी, विद्यालय की अध्यक्ष श्रीमती दुरपति धुर्वे, उपाध्यक्ष श्रीमती रीतू मेरावी, पालकगण, संकुल बोड़ला के समन्वयक श्री सगनु धुर्वे सहित प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के प्रधान पाठक तथा शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। अतिथियों एवं उपस्थितजनों ने कस्तूरबा गांधी विद्यालय की बालिकाओं के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि दूरस्थ वनांचल क्षेत्र की इन बेटियों ने जिस आत्मविश्वास और परिपक्वता के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं को नाटक के माध्यम से प्रस्तुत किया, वह प्रेरणादायी है। कार्यक्रम ने यह संदेश भी दिया कि बेटियां आज जागरूकता, रचनात्मकता और सामाजिक सहभागिता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।



