*व्यायाम शिक्षक के पद विलोपन का मुद्दा बेमेतरा तक गूंजा, जिला पंचायत अध्यक्ष से हुई सार्थक चर्चा*

बेमेतरा:- छत्तीसगढ़ में व्यायाम शिक्षक अभ्यर्थी पिछले कई वर्षों से अपनी नियुक्ति की मांग को लेकर लगातार आंदोलन कर रहे हैं। इसी कड़ी में बेमेतरा सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों में अभ्यर्थियों ने प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपकर सरकार से पदों को पुनः बहाल करने की मांग की। साथ ही बेमेतरा जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी से भी इस संबंध में सार्थक चर्चा की गई।
*2019 से जारी है आंदोलन, 5000 में से सिर्फ 154 पद शेष*
व्यायाम शिक्षक समूह के पदाधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2019 से अब तक अभ्यर्थियों ने नया रायपुर, स्कूल शिक्षा मंत्री के निवास और मुख्यमंत्री निवास के सामने कई बार धरना-प्रदर्शन तथा आवेदन देकर अपनी मांग रखी है।सरकार ने लगभग 5000 व्यायाम शिक्षक पदों पर भर्ती की घोषणा की थी। लेकिन उनमें से केवल 300 पदों पर ही भर्ती निकाली गई। बाद में इन 300 पदों में से भी लगभग 146 पद योग्यता संबंधी कारणों से समाप्त कर दिए गए। अब सिर्फ 154 पद शेष बचे हैं, जिनके संबंध में भी अब तक स्पष्ट निर्णय नहीं लिया गया है।
*पहले स्वीकृत पद समाप्त न किए जाएं*
अभ्यर्थियों का कहना है कि यदि सरकार नई भर्ती नहीं कर रही है तो पहले से स्वीकृत पदों को भी समाप्त नहीं करना चाहिए। उन्होंने मांग की कि आगामी शिक्षक भर्ती विज्ञापन में व्यायाम शिक्षक के पदों को पुनः शामिल किया जाए। अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि बिना किसी स्पष्ट अधिसूचना के पदों को समाप्त कर दिया गया, जिससे हजारों अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है।
*खेल नीति पर उठाए सवाल*
राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने, नई खेल नीति बनाने, खेल अधोसंरचना विकसित करने और खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन पर करोड़ों रुपये खर्च कर रही है। ऐसे में अभ्यर्थियों का सवाल है कि जब खेलों को बढ़ावा दिया जा रहा है, तो विद्यालयों में व्यायाम शिक्षकों की नियुक्ति क्यों नहीं की जा रही। अभ्यर्थियों का तर्क है कि विद्यालय स्तर पर खेल प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें आगे बढ़ाने में व्यायाम शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। यदि विद्यालयों में व्यायाम शिक्षक नहीं होंगे, तो राज्य की खेल प्रतिभाओं का विकास प्रभावित होगा।
*जिला पंचायत अध्यक्ष से हुई चर्चा*
इसी मांग को लेकर व्यायाम शिक्षक अभ्यर्थियों ने बेमेतरा जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी से मुलाकात कर 154 पदों के विलोपन और पदों की संख्या में वृद्धि के संबंध में विस्तार से चर्चा की। अध्यक्ष कल्पना योगेश तिवारी ने सभी अभ्यर्थियों की बातों को ध्यानपूर्वक सुना और आश्वासन दिया कि अभ्यर्थियों की मांगों को शासन-प्रशासन के समक्ष प्रमुखता से रखा जाएगा और पदों की बहाली व संख्या वृद्धि के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।अभ्यर्थियों ने अध्यक्ष से मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया के लिए आभार व्यक्त किया। व्यायाम शिक्षक समूह ने कहा कि पदों की बहाली तक उनका आंदोलन जारी रहेगा और यदि सरकार जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लेती तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।



