*शासकीय आईटीआई बेरला में नव कौशल पथ- नई राह, नया हुनर” कार्यक्रम संपन्न, जीआर इंडस्ट्रीज के विशेषज्ञों ने दिया मार्गदर्शन*

बेरला:- संचालनालय रोजगार एवं प्रशिक्षण, छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार स्थानीय शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था बेरला में नव प्रवेशित प्रशिक्षार्थियों के लिए दो दिवसीय गरिमामय एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम नव कौशल पथ- नई राह, नया हुनर का आयोजन दिनांक 3 एवं 4 अगस्त 2026 को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
*प्रथम दिवस: परिचय सम्मेलन एवं योजनाओं की जानकारी*
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था प्रमुख एस.के. साहू द्वारा दीप प्रज्वलन एवं नव प्रवेशित प्रशिक्षार्थियों को संबोधित कर किया गया। साहू ने अपने ‘परिचय सम्मेलन’ व्याख्यान में नए छात्रों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि अनुशासित प्रशिक्षण और व्यावहारिक कौशल से ही आत्मनिर्भरता का मार्ग प्रशस्त होता है। इसके पश्चात संस्था के अधिकारियों एवं शिक्षकों द्वारा प्रशिक्षार्थियों को क्राफ्ट्समैन ट्रेनिंग स्कीम (सीटीएस) के नियमों, अप्रेंटिसशिप एक्ट (एनएपीएस), कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (सीबीटी) परीक्षा पद्धति, आईटीआई के बाद डिप्लोमा में लेटरल एंट्री एवं राज्य में संचालित विभिन्न जनहितकारी योजनाओं वीटीपी, एलडब्ल्यूई, पीपीपी, आईएमसी की विस्तृत जानकारी दी गई।
*द्वितीय दिवस: उद्योग विशेषज्ञों का मार्गदर्शन एवं अलुमनाई मीट*
कार्यक्रम के दूसरे दिन जिला रोजगार कार्यालय के अधिकारियों द्वारा पॉवर प्रेजेंटेशन के माध्यम से छात्रों को करियर काउंसलिंग प्रदान की गई।
विशेष रूप से आमंत्रित जीआर इंडस्ट्रीज के अधिकारियों एवं उद्योग विशेषज्ञों ने उपस्थित होकर व्याख्यान प्रस्तुत किया। इस दौरान शशिकांत मिश्रा डीजीएम, इलेक्ट्रिकल एवं इंस्ट्रूमेंटेशन, लक्ष्मण कुमार दास एजीएम, पेलेट ऑपेरशन, दीपक मौर्य डीजीएम, पेलेट ऑपेरशन, सिलांसु सोनी मेंटेनेंस/एमटीआई/ ई एन्ड आई
उद्योग प्रतिनिधियों ने पेलेट ऑपेरशन, इलेक्ट्रिकल एवं इंस्ट्रूमेंटेशन तथा मेंटेनेंस ट्रेनिंग के व्यावहारिक पक्षों पर जानकारी देते हुए छात्रों को उद्योग जगत की आधुनिक मांगों के अनुरूप स्वयं को ढालने के लिए प्रेरित किया। सत्र के अगले चरण में संस्था के सफल पूर्व छात्रों (एलुमनी) ने नव प्रवेशित प्रशिक्षार्थियों के साथ संवाद कर अपने अनुभव साझा किए और करियर में आगे बढ़ने के टिप्स दिए। कार्यक्रम के अंत में संस्था प्रमुख एस.के. साहू ने आमंत्रित अतिथियों, जीआर इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधियों, संस्था के स्टाफ एवं नव प्रवेशित छात्रों के प्रति आभार व्यक्त कर कार्यक्रम के सफल समापन की घोषणा की।



