*पतोरा गौठान में बरगद के नीचे बैठका स्थल पर गंदे पानी की बदबू व कीचड़युक्त, जनप्रतिनिधियों की अनदेखी से परेशान ग्रामीण*


बेमेतरा/बेरला:- जनपद पंचायत बेरला के निकटवर्ती ग्राम पंचायत पतोरा से लगातार साफ-सफाई और कीचड़ की गंभीर समस्या सामने आ रही है। तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि गांव में स्थित गौठान और बरगद पेड़ के पास बने सार्वजनिक बैठक स्थल के ठीक सामने गंदा पानी बह रहा है। पानी के ठहराव से चारों तरफ गहरा कीचड़ फैल चुका है और उठने वाली तेज बदबू की वजह से ग्रामीणों का वहां बैठना और राहगीरों का वहां से गुजरना बेहद मुश्किल हो गया है।
*मूलभूत और 15वें वित्त की राशि के उपयोग पर उठे सवाल*
गांव में स्वच्छता बनाए रखने और नालियों के उचित निर्माण के लिए शासन द्वारा मूलभूत निधि तथा 15वें वित्त आयोग के तहत राशि जारी की जाती है। इसके बावजूद सार्वजनिक स्थल पर बह रहे इस दूषित पानी ने पंचायत प्रशासन की कार्यशैली पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। ग्रामीणों का आरोप है कि विकास के लिए आने वाले बजट का सही इस्तेमाल नहीं हो रहा है, जिससे सरकारी राशि के दुरुपयोग और अनियमितता की आशंका जाहिर की जा रही है।
*गंदे पानी और नाली की समस्या झेलने को मजबूर ग्रामीण*
उचित नाली निर्माण और निकासी की व्यवस्था न होने के कारण नाली का गंदा पानी खुले में चबूतरे और सांस्कृतिक मंच के सामने बह रहा है। स्थानीय निवासी निर्मल यादव, कृष्णु यादव, सुदर्शन यादव, भूपत साहू और दादू यादव ने अपना दर्द बयां करते हुए बताया कि वे लंबे समय से इस कीचड़, जलभराव और गंदे पानी की दुर्गंध से जूझ रहे है। बार-बार शिकायत के बाद भी कोई सुधार न होना पंचायत की घोर लापरवाही को दर्शाता है।
*बीमारियों का बढ़ा खतरा, जनप्रतिनिधि बने मूकदर्शक*
सार्वजनिक बैठका स्थल और सांस्कृतिक मंच के पास गंदगी पसरी होने के कारण क्षेत्र में मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। इससे गांव में मलेरिया, डेंगू और अन्य संक्रामक बीमारियों के फैलने का गंभीर खतरा पैदा हो गया है। इसके बावजूद जिम्मेदार जनप्रतिनिधि और पंचायत अधिकारी समस्या से पूरी तरह अनजान और बेखबर बने हुए हैं, जिससे स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश और नाराजगी है।
*पंचायत प्रतिनिधियों पर उच्चस्तरीय जांच और सख्त कार्रवाई की मांग*
गांव के मुख्य सार्वजनिक स्थल की इस बदहाली और प्रशासनिक अनदेखी से तंग आकर ग्रामीणों ने उच्च अधिकारियों से गुहार लगाई है। ग्रामीणों की स्पष्ट मांग है कि ग्राम पंचायत पतोरा में मूलभूत व 15वें वित्त की राशि के खर्चों की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। साथ ही, जनसमस्या की अनदेखी करने वाले और अपने कर्तव्यों में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार पंचायत प्रतिनिधियों व अधिकारियों पर तत्काल दंडात्मक कार्रवाई की जाए।
■■■■■■
इस संबंध में ग्राम पंचायत पतोरा सरपंच नेमीन युवराज साहू के पक्ष जानने के लिए दुरभाषा के माध्यम से संपर्क करने पर उनके द्वारा फोन रिसीव नहीं किया गया।
■■■■
जनपद पंचायत बेरला मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिव्या ठाकुर ने कहां कि इसकी जानकारी आपके माध्यम से हो रही है, उक्त जांच कर साफ सफाई किया जाएगा। जिसमें ग्राम पंचायत पतोरा सरपंच व सचिव को आदेशीत की जाएगी।



