*बेरला अंचल में शारदीय नवरात्रि की धूम संडी के सिद्धि माता मंदिर में प्रज्ज्वलित होंगे दीप, भव्य पंडालों में माँ दुर्गा की आराधना*


बेरला:- अंचल में शारदीय नवरात्रि का पावन पर्व अत्यंत उत्साह, श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में माँ दुर्गा के आगमन को लेकर भक्तों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। इस पावन अवसर पर बेमेतरा जिले के प्रसिद्ध संडी स्थित सिद्धि माता मंदिर में हजारों की संख्या में मनोकामना ज्योति कलश (दीप) प्रज्ज्वलित किए जा रहे हैं, जिसकी आलौकिक छटा देखते ही बन रही है।
नवरात्रि के इन नौ दिनों तक अंचल के सभी मंदिरों व देवालयों में श्रद्धालु पूरी तरह से भक्ति भाव में डूबे रहेंगे। सुबह-शाम मंदिरों में शंख, घड़ियाल और माँ दुर्गा की आरती की गूंज से संपूर्ण वातावरण भक्तिमय बना रहेगा। श्रद्धालुओं का यह समर्पण और अटूट आस्था आने वाले नौ दिनों तक लगातार बनी रहेगी।
विभिन्न सार्वजनिक समितियों द्वारा निर्मित आकर्षक व कलात्मक पंडालों की सौंदर्यता ने पूरे क्षेत्र की रौनकता को बढ़ा दिया है। जगमगाती रंग-बिरंगी लाइटों और सुंदर सजावट से सजे ये पंडाल हर किसी का मन मोह रहे हैं। पंडालों के इस अद्भुत आकर्षण और सौंदर्य को देखने के लिए देर रात तक लोगों का जमावड़ा लगा हुआ है।
पंडालों में स्थापित माँ दुर्गा की मनमोहक प्रतिमाओं के दिव्य दर्शन के लिए भक्तों का भारी तांता उमड़ रहा है। बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं बड़ी संख्या में दर्शन-पूजन के लिए पहुँच रहे हैं। जय माता दी के जयकारों से पूरा बेमेतरा और बेरला क्षेत्र गुंजायमान हो रहा है।
इस नौ दिवसीय महापर्व के दौरान विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, दुर्गा सप्तशती पाठ और भजन-कीर्तन के आयोजन किए जा रहे हैं। प्रशासन और आयोजन समितियों द्वारा सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था और दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए पुख्ता इंतज़ाम किए गए हैं ताकि श्रद्धालु सुगमता से माता रानी के दर्शन कर सकें।




