*शासकीय आईटीआई बेरला में एक दिवसीय ‘उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम’ का सफल आयोजन

बेमेतरा/बेरला:- भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम – विकास कार्यालय रायपुर छत्तीसगढ़ के तत्वावधान में शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था बेरला जिला-बेमेतरा में एक दिवसीय उद्यमिता जागरूकता कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
*स्वरोजगार और स्टार्टअप के लिए युवाओं को किया गया प्रेरित*
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं और विद्यार्थियों को स्वरोजगार, स्टार्टअप तथा उद्यमिता की दिशा में प्रेरित करना था। कार्यक्रम में उपस्थित विशेषज्ञों ने प्रशिक्षार्थियों को केंद्र व राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न लाभकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। विशेषज्ञों ने पीएम विश्वकर्मा योजना सहित अन्य वित्तीय सहायता, कौशल विकास, सब्सिडी और ऋण योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने प्रशिक्षार्थियों को बताया कि तकनीकी प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद नौकरी तलाशने के बजाय वे स्वयं का उद्योग या व्यवसाय स्थापित कर दूसरों को भी रोजगार प्रदान कर सकते हैं।
*शंकाओं का समाधान और आवश्यक जानकारी*
सत्र के दौरान उपस्थित प्रशिक्षार्थियों की शंकाओं का समाधान किया गया। साथ ही उन्हें नया व्यवसाय शुरू करने की प्रक्रिया, प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करने तथा आवश्यक अनुमतियों व पंजीकरण (Registration) के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
*वरिष्ठ अधिकारी एवं विशेषज्ञ रहे मौजूद*
इस अवसर पर एमएसएमई विकास कार्यालय के ज्वाइंट डायरेक्टर एलके परगनिहा, सहायक निदेशक एमएसएमई अजय कुमार, उद्यमिता विशेषज्ञ एवं सचिव आनंद एजुकेशन सोसाइटी प्रेम आनंद राव, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र बेमेतरा के कृषि भट्ट मैनेजर, छ.ग. राज्य ग्रामीण बैंक बेमेतरा के मैनेजर मुकेश कुमार देवांगन तथा संस्था प्रमुख व प्रशिक्षण अधीक्षक एसके साहू उपस्थित रहे। कार्यक्रम में शासकीय आईटीआई बेरला के समस्त प्रशिक्षण अधिकारीगण तथा बड़ी संख्या में प्रशिक्षार्थी उपस्थित रहे।




