*संकुल भरदा में स्कूल लीडर्स क्षमता विकास कार्यशाला संपन्न, सरपंच बोले— नेतृत्व क्षमता के विकास में स्कूल की अहम भूमिका*

बेरला:- विकासखण्ड बेरला क्षेत्र में युवा एवं इको क्लब शासकीय हाई स्कूल भरदा के तत्वाधान में संकुल स्तरीय स्कूल लीडर्स हेतु एक दिवसीय क्षमता विकास कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में संकुल भरदा के प्राथमिक, मिडिल एवं हाई स्कूल से बाल कैबिनेट और बाल संसद के 60 विद्यार्थियों ने प्रतिभागी के रूप में तथा 20 विद्यार्थियों ने स्वयंसेवकों के रूप में अपनी सक्रिय सहभागिता दर्ज कराई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित ग्राम पंचायत भरदा के सरपंच हीराधर निषाद ने अपने उद्बोधन में कहा कि नेतृत्व क्षमता के विकास में स्कूल की भूमिका को नकारा नहीं जा सकता। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी भी कार्य की सफलता के लिए सबसे पहले लक्ष्य तय करना आवश्यक है, और उसके बाद सुनियोजित योजना बनाकर सभी के विचारों व सुझावों का सम्मान करते हुए लक्ष्य प्राप्ति का प्रयास करना चाहिए।

इसी क्रम में शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष ताकेश्वर निषाद ने कहा कि रचनात्मक कार्यों से बच्चों में सकारात्मक विचारों का विकास होता है और सीखी गई बातों को व्यवहार में लाना अत्यंत आवश्यक है। समिति के भूतपूर्व अध्यक्ष पी. एल. परगनिहा ने विचार व्यक्त किए कि नेतृत्व क्षमता और अपने भीतर छिपे गुणों का विकास विद्यार्थी जीवन में निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है। वहीं संकुल प्राचार्य ने बच्चों को जीवन में संस्कार और अनुशासन बनाए रखने का महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया।

कार्यशाला के विभिन्न सत्रों के माध्यम से विद्यार्थियों में अभिव्यक्ति कौशल, अवलोकन, योजना निर्माण, निर्णय क्षमता, समस्या समाधान, क्रिटिकल थिंकिंग और टाइम मैनेजमेंट से जुड़ी विविध गतिविधियाँ कराई गईं। बच्चों को अलग-अलग समूहों में बाँटकर मानसिक व तर्क शक्ति, तात्कालिक भाषण तथा विचार अभिव्यक्ति के अवसर प्रदान किए गए, साथ ही उनसे विज्ञान के प्रयोग और ‘टावर ऑफ हनोई’ जैसे रोचक क्रियाकलाप भी कराए गए।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बच्चों द्वारा किया गया रचनात्मक प्रस्तुतीकरण रहा, जिसे देखकर उपस्थित अतिथि और शिक्षक अचंभित रह गए। विद्यार्थियों ने समूह चर्चा के ज़रिए अपने “सपने का स्कूल” और उपलब्ध संसाधनों को बेहद रोचक तरीके से प्रदर्शित किया तथा स्कूल की व्यावहारिक समस्याओं को दूर करने के उपाय भी सुझाए।
कार्यशाला का संचालन रिसोर्स पर्सन के रूप में प्राचार्य विष्णु प्रसाद साहू, एसएमसी सदस्य पन्नालाल परगनिहा, व्याख्याता अंजलि वर्मा, राखी वैष्णव और दीप्ति अग्रवाल द्वारा किया गया, जबकि संपूर्ण कार्यक्रम का मंच संचालन युवा एवं इको क्लब प्रभारी विकेश कुमार यादव ने किया। कार्यक्रम के अंत में ग्राम पंचायत भरदा के सरपंच के सौजन्य से सभी सहभागी विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।





