विविध

*मनियारी के हनुमान मंदिर के पास शाम होते ही सज रहे शराब के जाम, अवैध शराब बिक्री व गश्त पर उठे सवाल*

 

​बेरला:- थाना साजा के अंतर्गत आने वाले ग्राम मनियारी में स्थित हनुमान मंदिर के समीप शाम ढलते ही शराबखोरी और असामाजिक तत्वों के जमावड़े से क्षेत्र में अव्यवस्था का माहौल बन रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार शाम होते ही वहां जाम सजाए जाते हैं, जिससे मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं और आसपास के निवासियों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है।
​स्थिति की गंभीरता को लेकर जनसेवक रविन्द्र भास्कर चौबे ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि धार्मिक स्थल के पास इस तरह की गतिविधियां सामाजिक और सांस्कृतिक मर्यादा के खिलाफ हैं। उन्होंने कहा कि मंदिर प्रांगण और आसपास के क्षेत्र में शराब की खाली बोतलें तथा चखना-पाउच के कचरे का ढेर जमा हो रहा है, जिससे स्वच्छता प्रभावित होने के साथ ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ रही है।
​ग्रामीणों का कहना है कि शाम के समय असामाजिक तत्वों की बढ़ती आवाजाही से सुरक्षा को लेकर भी आशंका बनी रहती है, खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को मंदिर मार्ग से गुजरने में परेशानी होती है। कचरे के फैलाव से दुर्गंध और गंदगी की समस्या भी खड़ी हो गई है, वहीं मंदिर के पास शराब सेवन करने वाले असामाजिक तत्वों की हरकतों से धार्मिक आस्था व प्राण प्रतिष्ठा की मर्यादा धूमिल होने को लेकर भी लोग आक्रोशित हैं।
​जनसेवक रविन्द्र भास्कर चौबे ने इस स्थिति पर प्रशासन और संबंधित विभागों का ध्यान आकर्षित करते हुए मंदिर परिसर व आसपास नियमित निगरानी और सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि गांव में लगातार बड़ी मात्रा में अवैध शराब की बिक्री हो रही है और पूर्व में आबकारी विभाग व पुलिस द्वारा कार्रवाई के बावजूद जमीनी स्तर पर सुधार नहीं दिख रहा है। चौबे ने पुलिस गश्त पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि गांव में गश्त न होने से अवैध गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है तथा अवैध शराब कारोबारियों के हौसले बुलंद हैं, जिससे युवा वर्ग का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने धार्मिक स्थलों की पवित्रता, ग्रामीणों की शांति और युवाओं के भविष्य की रक्षा के लिए प्रशासन से ठोस व प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

GAUTAM BEMTRA

Related Articles

Back to top button