*सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान युवक पर नुकीली वस्तु से हमला, दो आरोपी गिरफ्तार*

बेमेतरा (24 नवंबर 2026): जिला बेमेतरा की देवरबीजा पुलिस ने सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान युवक से मारपीट कर नुकीली वस्तु से हमला करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी बंटी वर्मा (उम्र 25 वर्ष), निवासी ग्राम डोंगीतराई, थाना साजा ने चौकी देवरबीजा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 20 अक्टूबर 2026 की रात करीब 10 बजे वह अपने साथी कमलेश साहू (निवासी ग्राम भैंसामुड़ा) के साथ दशहरा कार्यक्रम देखकर देवरबीजा के बाजार चौक में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम देखने गया था। कार्यक्रम के दौरान ग्राम देवरबीजा निवासी देवा ने कमलेश साहू का कॉलर पकड़कर विवाद किया। प्रार्थी द्वारा बीच-बचाव करने के बाद देवा वहां से चला गया।
आरोप है कि रात करीब 11:50 बजे देवा अपने भाई आयुष के साथ वापस लौटा और गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगा। इसी दौरान देवा ने प्रार्थी को पीछे से पकड़ लिया और आयुष सतनामी ने अपने हाथ में मौजूद नुकीली वस्तु से उस पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए कमलेश साहू और तिलेश्वर वर्मा (निवासी ग्राम केशडबरी) ने किसी तरह मामला शांत कराया। हमले में प्रार्थी के बाएं कंधे, कमर के ऊपरी हिस्से और दाहिनी ओर सीने के नीचे चोटें आईं।
प्रार्थी की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 351(3), 115(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान प्रकरण में हत्या के प्रयास से जुड़ी धारा 109(1) BNS भी जोड़ी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल (भा.पु.से.), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. हरीश यादव और एसडीओपी बेमेतरा भुषण एक्का के मार्गदर्शन में देवरबीजा पुलिस टीम ने जांच तेज की। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर आरोपियों ने हत्या की नीयत से नुकीली वस्तु से हमला करने की बात स्वीकार की। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त नुकीली वस्तु और अन्य साक्ष्य भी बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:
- देवा उर्फ देवेन्द्र देशलहरे (पिता स्व. रामसिंग देशलहरे, उम्र 25 वर्ष), निवासी महामाया पारा, देवरबीजा, जिला बेमेतरा।
- आयुष देशलहरे (पिता स्व. रामसिंग देशलहरे, उम्र 18 वर्ष 8 माह), निवासी महामाया पारा, देवरबीजा, जिला बेमेतरा।
दोनों आरोपियों को 24 नवंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी प्रशिक्षु उप निरीक्षक ईश्वरी कुमारी डुप्ले सहित देवरबीजा पुलिस स्टाफ की सक्रिय भूमिका रही।




