विविध

*बारूद फैक्ट्री में फिर शुरू हुई टेस्टिंग से ग्रामीणों में दहशत, जल प्रदूषण और प्रशासन की सुस्ती पर उठे सवाल*

 

​बेमेतरा:- जिला बेमेतरा के बेरला क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत पिरदा (बोरसी/गब्दा) से लगभग 2 किलोमीटर दूर स्थित स्पेशल ब्लास्ट लिमिटेड बारूद फैक्ट्री में पुनः शुरू हुई बारूद टेस्टिंग और ब्लास्टिंग से ग्रामीणों की चिंता और दहशत बढ़ गई है। वार्ड पंच क्र. 17 के धनंजय निषाद एवं समस्त ग्रामवासियों गब्दा, पिरदा, बेरला, बेमेतरा ने बताया कि 25 मई 2024 को सुबह करीब 8 बजे फैक्ट्री में भीषण विस्फोट हुआ था, जिसमें कई मजदूरों की मृत्यु हो गई थी। उस हादसे के बाद फैक्ट्री लगभग 2 साल तक बंद रही, लेकिन अब फिर से रोजाना बारूद टेस्टिंग व ब्लास्टिंग शुरू कर दी गई है।
​ग्रामीणों के अनुसार रोजाना होने वाली टेस्टिंग की जोरदार आवाज से गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। इसके साथ ही पीने के पानी के हैंडपंप और किसानों के बोरवेल में बारूद के कण आ रहे हैं, जिससे पानी पीने लायक नहीं रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि फैक्ट्री प्रबंधन खुद बाहर से पानी मंगाकर पी रहा है, जबकि ग्रामीणों को दूषित पानी पीने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
​ग्रामीणों ने 22/10/2026 को जनदर्शन (टोकन क्रमांक – 2210226002319, सुरक्षा क्रमांक – 157) में आवेदन देकर गांव के सभी जल स्रोतों का लैब टेस्ट कराने, रोज की टेस्टिंग को आबादी क्षेत्र से दूर करने या तत्काल रोकने और फैक्ट्री के सुरक्षा मापदंडों की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की थी। इस मामले को लेकर जिला प्रशासन को ज्ञापन देने के बाद भी कार्यवाही नहीं हुआ, आवेदन जिला प्रशासन की मेज पर पड़े धूल जम रहे हैं।
​आवेदन के बाद भी जिला कलेक्टर व प्रशासन द्वारा कोई कार्यवाही नहीं किए जाने से प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। साथ ही मिलीभगत के चलते कार्यवाही नहीं होना ग्रामीणों में चर्चा का विषय बन गया है। इसके अलावा क्षेत्र में पर्यावरण प्रदूषण को लेकर जांच व निरीक्षण नहीं होने से पर्यावरण प्रदूषण पर गंभीर आरोप लग रहे हैं।

GAUTAM BEMTRA

Related Articles

Back to top button