*बेमेतरा की छात्राओं ने सैनिकों को भेजी 8000 राखियां, समाजसेवकों ने निभाया सेतु का काम*

बेमेतरा-: रक्षाबंधन के पावन पर्व पर, बेमेतरा जिले की हजारों छात्राओं ने देश के वीर सैनिकों के लिए 8,000 से अधिक राखियां भेजी हैं। इन राखियों को पहुंचाने का सराहनीय कार्य जिले के समाजसेवी पिछले 8 सालों से कर रहे हैं। इस साल भी, इन समाजसेवकों ने छात्राओं की भावनाओं को सैनिकों तक पहुँचाने का बीड़ा उठाया।
समाजसेवी बृजेश शर्मा ने बताया कि पिछले 8 वर्षों से वे क्षेत्र की बहनों द्वारा बनाई गई इन राखियों को हेड क्वार्टर और स्पीड पोस्ट के माध्यम से सैनिकों तक पहुंचा रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि यह कार्य आगे भी जारी रहेगा। एक अन्य समाजसेवी, रोहित वर्मा, ने इस पहल के पीछे की अपनी प्रेरणा साझा की। उन्होंने बताया कि उनके दादाजी और चाचाजी आर्मी में थे और त्यौहारों पर घर नहीं आ पाते थे। इसी अनुभव ने उन्हें यह कार्य करने के लिए प्रेरित किया, ताकि बहनें अपनी राखियों को अपने भाई-समान सैनिकों तक पहुंचा सकें।
भाजपा युवा मोर्चा के महामंत्री, पोषन निर्मलकर, ने इस अवसर पर कहा कि हम देश में चैन से इसलिए सो पाते हैं, क्योंकि हमारे सैनिक रात-दिन जागकर हमारी रक्षा करते हैं। उन्होंने कहा कि जब सैनिक अपने परिवार से दूर रहकर देश की सेवा करते हैं, तो यह हमारा भी कर्तव्य है कि हम उनके लिए कुछ करें।
इस नेक पहल में बेमेतरा जिले के कई स्कूलों और कॉलेजों ने भाग लिया, जिनमें आनंदगाँव विद्यालय, भिंभौरी जनता विद्यालय, शासकीय विद्यालय, बेरला कन्या विद्यालय, शासकीय नवीन महाविद्यालय बेरला, सरदा विद्यालय, बारगांव पिपरोडीह विद्यालय, और खुड़मुड़ा विद्यालय प्रमुख हैं।
इस कार्य को सफल बनाने में ताकेश्वर सोनी, पेखन साहू, राजेश वर्मा, मुकेश भौई, योगेश धीवर, राहुल ठाकुर और कई अन्य समाजसेवियों के साथ-साथ सभी विद्यालयों और महाविद्यालयों के शिक्षक और छात्राओं का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। यह पहल बेमेतरा के लोगों की देशभक्ति और सैनिकों के प्रति सम्मान की भावना को दर्शाती है।




