कल का मौसम: कहीं बारिश तो कहीं आंधी और बर्फबारी की चेतावनी! जानें दिल्ली से मध्य प्रदेश तक कैसा रहेगा कल का मौसम

देश में मौसम तेजी से बदल रहा है, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ती जा रही है। कभी गर्मी, कभी ठंड और अब बारिश हर दो दिन में मौसम का मिजाज बदल रहा है। इसी बीच भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने उत्तर भारत के कई राज्यों में बारिश और ठंड को लेकर नई चेतावनी जारी की है। बारिश के बाद 14 फरवरी तक ठंड का असर बना रहेगा और कई जिलों में शीतलहर चलने की आशंका है। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का भी अलर्ट है।मौसम विभाग के अनुसार 2 और 3 फरवरी को कुल 10 राज्यों में बारिश हो सकती है। इनमें उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब, हरियाणा, पूर्वी राजस्थान और महाराष्ट्र शामिल हैं।आईएमडी ने बताया है कि कई जिलों में सुबह के समय कड़ाके की ठंड पड़ेगी। बिहार के सीमांचल क्षेत्र और कुछ अन्य जिलों में तापमान 10 डिग्री से नीचे जा सकता है। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में भी ठंडी हवाएं चलेंगी, जिससे ठंड और बढ़ेगी।
2 फरवरी को दिल्ली में मौसम साफ रहेगा, लेकिन सुबह ठंडी हवाएं चल सकती हैं और कुछ जगहों पर हल्का कोहरा रहेगा। अधिकतम तापमान लगभग 22 डिग्री और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
जानिए उत्तर प्रदेश का हाल
यूपी के कई जिलों में 2 फरवरी को बारिश की संभावना है और येलो अलर्ट जारी किया गया है। तेज हवा के कारण ठंड बढ़ेगी। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में 14 फरवरी तक सर्दी से राहत नहीं मिलेगी।बिहार में 2 फरवरी को मौसम साफ रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है। हालांकि सुबह ठंडी हवा चलेगी। झारखंड में भी अगले कुछ दिनों तक मौसम सामान्य रहेगा, लेकिन सुबह-शाम ठंड बनी रहेगी।
उत्तराखंड में 2 और 3 फरवरी को बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे तापमान में गिरावट आएगी। हिमाचल प्रदेश में भी मौसम बिगड़ने के आसार हैं और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है।
जानिए पंजाब और जम्मू-कश्मीर के बारे में
पंजाब के कई जिलों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। सुबह के समय दृश्यता कम रह सकती है, इसलिए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
जम्मू-कश्मीर में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है। ऊंचे इलाकों में बर्फ गिरने की पूरी संभावना है। श्रीनगर में तापमान शून्य से नीचे जा सकता है।राजस्थान के कुछ जिलों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है और तेज हवा चलेगी। मध्य प्रदेश में 2 फरवरी को बारिश नहीं होगी, लेकिन 3 फरवरी से कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी संभव है। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव को देखते हुए लोगों को स्वास्थ्य और यात्रा दोनों में सावधानी बरतने की जरूरत है।



