*तकनीक की मार झेल रहे 5,000 मीटर रीडर बेरोजगारी की कगार पर, बेमेतरा कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन*

*स्मार्ट मीटर से छिना रोजगार विद्युत मीटर रीडर श्रमिक संघ ने कलेक्टर से लगाई गुहार,,,तकनीक बदले पर रोजगार न छिने*
*रोजगार संकट से जूझ रहे 5,000 विद्युत मीटर रीडरों ने खोला मोर्चा, बेमेतरा कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन*
बेमेतरा:- विद्युत विभाग में स्मार्ट मीटर, प्रीपेड मीटर और ऑटो पंचिंग व्यवस्था लागू होने के बाद वर्षों से कार्यरत लगभग 5,000 विद्युत मीटर रीडरों के सामने गंभीर रोजगार संकट खड़ा हो गया है। इस समस्या को लेकर ‘विद्युत मीटर रीडर श्रमिक संघ छत्तीसगढ़ के बैनर तले संघ के पदाधिकारियों ने बेमेतरा कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर अपने समायोजन और रोजगार संरक्षण की मांग की है। संघ के प्रतिनिधियों ने बताया कि यह केवल बेमेतरा का मामला नहीं है, बल्कि प्रदेश के सभी 33 जिलों में एक साथ कलेक्टरों के माध्यम से शासन-प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर हस्तक्षेप की मांग की जा रही है।
*श्रमिकों का इस तरह है प्रमुख मांगें*
*अनुभव के आधार पर समायोजन*
संघ का कहना है कि अधिकांश मीटर रीडर पिछले 10 से 15 वर्षों से विभाग में सेवाएं दे रहे हैं। अब उनकी उम्र 40 से 50 वर्ष के बीच हो चुकी है, ऐसे में नई तकनीक के नाम पर उन्हें बेरोजगार करना न्यायसंगत नहीं है। उनकी योग्यता और अनुभव के आधार पर विद्युत विभाग के ही अन्य कार्यों में तत्काल समायोजित किया जाए।
*केवल रीडिंग नहीं, कई काम संभाल रहे*
मीटर रीडर केवल मीटर रीडिंग तक सीमित नहीं हैं। उनसे उपभोक्ता KYC, फील्ड सर्वे, मीटर सत्यापन, डेटा सत्यापन, शिकायत निवारण और नए कनेक्शन सत्यापन जैसे महत्वपूर्ण कार्य भी लिए जा रहे हैं, जिससे विभाग को सीधा फायदा हो रहा है।
*अंतिम निर्णय तक सेवा जारी रहे*
संघ ने मांग की है कि जब तक CSPDCL (छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड) और ऊर्जा विभाग द्वारा कोई ठोस अंतिम निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक उन्हें विभाग के अन्य उपलब्ध कार्यों में निरंतर सेवा देने का अवसर दिया जाए। ज्ञापन में संघ ने शासन से मार्मिक अपील करते हुए कहा है कि तकनीक बदले, कार्य व्यवस्था बदले, लेकिन वर्षों से ईमानदारी से सेवा दे रहे मीटर रीडरों का रोजगार न छिने। ज्ञापन सौंपने वालों में प्रमुख संघ के प्रतिनिधिमंडल के सदस्य के रूप से दिनेश कुमार साहू, रामअवतार साहू, प्रवीण कुमार साहू, दुर्गेश कुमार साहू, लोकेश दास, संदीप दास, गणेश दास, अजीत भारती, सोमप्रकाश, मुकेश कुमार सहित 20 मीटर रीडर बड़ी संख्या में कलेक्टर कार्यालय बेमेतरा में उपस्थित रहे।




