*दस दिवसीय व्यक्तित्व विकास कार्यशाला का समापन*

धमधा:- स्थानीय चंदूलाल चंद्राकर शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय धमधा में आयोजित दस दिवसीय व्यक्तित्व विकास कार्यशाला का आज समापन हुआ। यह कार्यशाला महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. उषा किरण अग्रवाल के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में समाजशास्त्र विभाग एवं आईक्यूएसी के संयुक्त तत्वावधान में दिनांक 14 जनवरी से 23 जनवरी 2025 तक आयोजित की गई। ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों के समग्र व्यक्तित्व विकास के उद्देश्य से पहली बार इस तरह का आयोजन महाविद्यालय में किया गया। इस कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों को एरिक्सन एप्रोच अंतरव्यक्तिक संबंध, नेतृत्व क्षमता, समस्या-निवारण एवं निर्णय लेने की दक्षता, कार्य प्राथमिकता निर्धारण, संचार कौशल मौखिक एवं गैर-मौखिक, तनाव प्रबंधन, रचनात्मक सोच, प्रस्तुतिकरण कौशल, परिधान चयन, हेयर एवं एसेसरीज़ सेंस और प्रभावी रेस्यूम लेखन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षित किया गया। कार्यशाला में विभिन्न महाविद्यालयों के प्रतिष्ठित विद्वानों ने अपने विचार साझा किए।
डॉ. दिनेश कुमार लहरी सहायक प्राध्यापक, मनोविज्ञान, शासकीय दंतेश्वरी महाविद्यालय, दंतेवाड़ा ने नेतृत्व एवं उसके प्रभाव पर अपने विचार प्रस्तुत किए। शासकीय डीबी गर्ल्स महाविद्यालय, रायपुर से आईं दो विशेषज्ञ डॉ. मिनी अलेक्स और डॉ. गौतमी भतपहरी ने भी विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास से सबंधित प्रभावशाली व्याख्यान दिया। डॉ.अंजना पुरोहित अतिथि वक्ता के रूप में संचार कौशल पर व्याख्यान दिया। उन्होंने प्रभावी मौखिक और गैर-मौखिक संचार, परस्पर संवाद के महत्व और आत्मविश्वास से संवाद करने के तरीकों पर विस्तार से चर्चा की। उनका व्याख्यान विद्यार्थियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक रहा। कार्यशाला के समापन सत्र में प्रतिभागी छात्रों से उनके अनुभव साझा करने के लिए कहा गया। छात्रों ने व्यक्तित्व विकास के इस आयोजन को अत्यंत उपयोगी और प्रभावी बताया। उन्होंने कहा कि यह कार्यशाला न केवल उनके आत्मविश्वास को बढ़ाने में सहायक रही, बल्कि उनके दृष्टिकोण को व्यापक बनाने में भी मददगार साबित हुई। समापन समारोह में महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. उषा किरण अग्रवाल एवं अन्य स्टाफ सदस्यों द्वारा कार्यशाला में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कार्यशाला के समापन पर कोर्स समन्वयक एवं समाजशास्त्र के विभागाध्यक्ष तरूण कुमार पदमवार ने कार्यशाला का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया और सभी विशेषज्ञों, छात्रों और आयोजन समिति का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन दिया। छात्रों ने इस आयोजन के लिए महाविद्यालय प्रशासन और आयोजकों का आभार व्यक्त किया। इस कार्यशाला ने उनके व्यक्तित्व को निखारने के साथ-साथ उन्हें व्यावहारिक जीवन की चुनौतियों के लिए तैयार किया।




