*पीएम श्री सेजेस देवरबीजा में हर्षोल्लास से मनाया गया शिक्षक दिवस*

बेरला/देवरबीजा:- विकासखण्ड बेरला अंतर्गत आने वाले पीएमश्री सेजेस देवरबीजा में शिक्षक दिवस हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में महान शिक्षाविद् एवं भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को नमन करते हुए उनके शिक्षा के क्षेत्र में दिए गए योगदान को याद किया गया। शिक्षक दिवस के अवसर पर विद्यालय में गुरु-शिष्य परंपरा एवं शिक्षकों के प्रति सम्मान की भावना को विशेष रूप से रेखांकित किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय की प्राचार्या सविता तिवारी ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के जीवन को सही दिशा देने के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व एवं चरित्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने शिक्षकों का सम्मान करने तथा उनके मार्गदर्शन से निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार द्वारा शिक्षकों के प्रति सम्मान एवं आभार व्यक्त किया गया। शिक्षक दिवस के इस अवसर पर विद्यालय में आत्मीय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण रहा। कार्यक्रम के अंत में सभी ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के आदर्शों को आत्मसात करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर बेहतर कार्य करने का संकल्प लिया।




