नीतू ने 351वीं तो शीलू ने हासिल की 951वीं रैंक, बोलीं- बस एक कोशिश की देर होती है
बस्सी विधानसभा क्षेत्र के सांभारिया कस्बे के पास स्थित बराला गांव की दो चचेरी बहनों नीतू धाबाई और शीलू धाबाई का राजस्थान प्रशासनिक सेवा (RAS) परीक्षा में एक साथ चयन हुआ है। इस उपलब्धि से परिवार और गांव में खुशी का माहौल है। नंदलाल गुर्जर की पुत्री नीतू धाबाई ने RAS परीक्षा में 351वीं रैंक हासिल की है
उन्होंने एमबीसी (MBC) श्रेणी में दूसरा स्थान प्राप्त किया है। नीतू के पिता नंदलाल गुर्जर सीआरपीएफ में जवान हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार वह देश की सेवा कर रहे हैं, उसी प्रकार उनकी बेटी भी अधिकारी बनकर निष्पक्षता से सभी की सेवा करेगी और परिवार का नाम रोशन करेगी।
MBC श्रेणी में अच्छा प्रदर्शन
वहीं, मदनलाल गुर्जर की पुत्री शीलू धाबाई ने 951वीं रैंक हासिल की है। उन्होंने एमबीसी (MBC) श्रेणी में सातवां स्थान प्राप्त किया है। शीलू अपने पिता मदनलाल गुर्जर से प्रेरित थीं, जो स्वयं एक आबकारी अधिकारी हैं। शीलू के पिता ने कहा कि उनकी बेटी ने परिवार और गांव का मान बढ़ाया है और वे इस परिणाम से बेहद खुश हैं।
अपनी सफलता पर नीतू धाबाई ने कहा कि किसी भी परीक्षा को लक्ष्य बनाकर तैयारी करने से उसे पाना असंभव नहीं है। उन्होंने कहा कि बस एक कोशिश की देरी होती है, मंजिल आपका इंतजार जरूर करती है। शीलू धाबाई ने निरंतर अध्ययन पर जोर देते हुए कहा कि पढ़ाई को दैनिक कार्यों की तरह प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि प्रतिदिन पढ़ाई को जीवन में अपनाया जाए, तो लक्ष्य अपने आप प्राप्त हो जाएगा।
पूरे परिवार और गांव में उत्सव का माहौल
दोनों बहनों के एक साथ RAS 2023 परीक्षा में चयन से पूरे परिवार और गांव में उत्सव का माहौल है। इस खुशी में परिजनों ने दोनों बहनों को खुली गाड़ी में गाजे-बाजे के साथ गांव की सवारी करवाई। इस दौरान ग्रामीणों ने जगह-जगह माला पहनाकर, साफा बांधकर और मिठाई खिलाकर उनका भव्य स्वागत किया।




