*सुरहोली में ‘पहल’ संस्था ने किया 45 बुजुर्गों और जरूरतमंदों का सम्मान, बांटे कंबल व श्रीफल*

बेरला:- ब्लॉक बेरला अंचल क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम सुरहोली में पहल सामाजिक संस्था के सदस्यों ने सेवा और संस्कार की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष के पहले तथा कुल 27वें गांव के रूप में सुरहोली में बुजुर्गों और जरूरतमंदों का सम्मान किया। संस्था ने सदस्यों व ग्रामवासियों के सहयोग से 45 बुजुर्गों और जरूरतमंदों को कंबल एवं श्रीफल भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों और समिति सदस्यों द्वारा मां सरस्वती के तैलचित्र की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके बाद संस्था के अध्यक्ष राजेन्द्र वर्मा ने संस्था के उद्देश्यों और जनसेवा से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी साझा की। कार्यक्रम के विशेष अतिथि सुरहोली ग्राम पंचायत के सरपंच विकास मढ़रिया ने संस्था के कार्यों और उद्देश्यों की सराहना करते हुए सदस्यों का उत्साहवर्धन किया।
कंबल वितरण के दौरान सुग्घर साहित्य समिति बेरला के कवियों ने कविता पाठ प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का संचालन कवि एवं व्याख्याता कमलेश वर्मा ने किया, जबकि संयोजन संस्था के सदस्य एवं कवि तारकेश्वर साहू ने संभाला।
*10 वर्षों में 4-5 सदस्यों से 50 से अधिक तक पहुंचा कारवां*
भिंभौरी तहसील क्षेत्र में दस वर्ष पहले शुरू हुई पहल सामाजिक संस्था के सदस्य अपनी मेहनत की कमाई का हिस्सा मिलाकर कंबल वितरण, वृक्षारोपण, जरूरतमंद मेधावी विद्यार्थियों की सहायता और इलाज के लिए आर्थिक मदद जैसे कार्य कर रहे हैं। शुरुआत में चार-पांच सदस्यों से बनी इस संस्था से अब आसपास के 15 से अधिक गांवों के 50 से ज्यादा सदस्य जुड़ चुके हैं।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष खिवराज धीवर, कोषाध्यक्ष दिलीप टिकरिहा, संजय निषाद, चंद्रहास वर्मा, सोमेश पाटिल, रमेश साहू, भारत साहू, धर्मराज साहू, हरीश साहू, जगदीश सोनी, नरेन्द्र साहू और हृदय विश्वकर्मा सहित बड़ी संख्या में सुरहोली के पंचगण, ग्रामवासी व अतिथि मौजूद रहे। ग्रामीणों ने आयोजन को सेवा भावना से परिपूर्ण बताते हुए संस्था के प्रयासों की प्रशंसा की।




