विविध

*शासकीय आईटीआई बेरला में ‘वित्तीय साक्षरता कार्यक्रम’ संपन्न, युवाओं को बैंकिंग, बीमा और साइबर सुरक्षा के प्रति किया गया जागरूक*

 

बेरला:- युवाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और जागरूक बनाने के उद्देश्य से 12 अक्टूबर 2026 को शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था बेरला में एक दिवसीय वित्तीय साक्षरता जागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भारतीय रिजर्व बैंक के दिशा-निर्देशों के तहत मनीवाइज सेंटर फॉर फाइनेंशियल लिटरेसी परियोजना के अंतर्गत आयोजित किया गया। इसमें सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ बड़ौदा, आरोह फाउंडेशन और सहयोगी संस्था ‘समर्पित’ की अहम भूमिका रही।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता एवं मार्गदर्शक के रूप में एमआर राजू एफएलसी, जिला बेमेतरा, लेखराम भारती वित्तीय काउंसलर, बेरला ब्लॉक और गुलशन कुमार सहायक एफएलसी काउंसलर, नवागढ़ ब्लॉक विशेष रूप से उपस्थित रहे।

 

*सरकारी योजनाओं और बचत की दी गई जानकारी*

 

विशेषज्ञों ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए बैंक खातों के प्रकार, केवाईसी के महत्व और बचत की आदत डालने के विषय में विस्तृत जानकारी दी। इसके साथ ही भारत सरकार की प्रमुख सामाजिक सुरक्षा योजनाओं—प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और अटल पेंशन योजना के लाभ गिनाए गए। विशेषज्ञों ने बताया कि कैसे न्यूनतम प्रीमियम के साथ प्रशिक्षणार्थी अपने और अपने परिवार का भविष्य सुरक्षित कर सकते है।

 

*साइबर ठगी से बचने के बताए गए उपाय*

 

डिजिटल लेनदेन के बढ़ते उपयोग को देखते हुए विशेषज्ञों ने डिजिटल बैंकिंग के सुरक्षित उपयोग पर विशेष जोर दिया। प्रशिक्षणार्थियों को सतर्क करते हुए सलाह दी गई कि वे अपना ओटीपी, पिन या पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें। यदि किसी के साथ ऑनलाइन ठगी होती है, तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई।

*बैंकिंग लोकपाल और नॉमिनी की महत्ता*

कार्यक्रम में उदगम पोर्टल के माध्यम से भूली हुई पूंजी खोजने की प्रक्रिया समझाई गई। बैंक खातों में नॉमिनी (नामांकन) दर्ज कराने की अनिवार्यता और ग्राहकों की समस्याओं के निवारण हेतु आरबीआई बैंकिंग लोकपाल योजना के बारे में भी विस्तार से चर्चा की गई।

इस अवसर पर शासकीय आईटीआई बेरला के अधीक्षक, शिक्षकगण और भारी संख्या में प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने वित्तीय अनुशासन अपनाने और अपने परिवार व समाज को जागरूक करने का संकल्प लिया।

GAUTAM BEMTRA

Related Articles

Back to top button