*रिटायर्ड लोकपाल के नाम पर चल रहा खेल, बेमेतरा-बेरला में आंख मूंदकर बिल पास करने की बड़ी लापरवाही उजागर, जिम्मेदार अफसरों ने साधी चुप्पी*

बेमेतरा:- जिला प्रशासन और जमीनी अमले की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल खड़ा करने वाली लापरवाही सामने आई है। जानकारी के मुताबिक बेमेतरा जिले के लोकपाल दो वर्ष पहले ही सेवानिवृत्त हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद कार्यों के सूचना बोर्ड में लगातार उन्हीं का नाम दर्ज किया जा रहा है। कागजों और बोर्डों में दो साल पुराने नाम का इस्तेमाल होना यह दर्शाता है कि जमीनी स्तर पर नियमों और तथ्यों के सत्यापन को लेकर गंभीर उदासीनता बरती जा रही है।
इस पूरे मामले ने प्रशासनिक निगरानी व्यवस्था की पोल खोल दी है। निरीक्षण करने वाले अमले से लेकर मूल्यांकन करने वाले जिम्मेदार, बिल पास करने वाले अधिकारी, सीईओ, कार्यक्रम अधिकारी और सामाजिक अंकेक्षण से जुड़े अधिकारियों तक—सबने मानो आंखें मूंद रखी हैं। बिना यह जांचे-परखे कि संबंधित पद पर वास्तव में कौन कार्यरत है या जिले में वर्तमान में लोकपाल की स्थिति क्या है, प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाया जाना सिस्टम की बड़ी चूक को उजागर करता है।
सूचना बोर्ड में सेवानिवृत्त अधिकारी का नाम लिखे जाने से अब यह सवाल भी गहरा गया है कि क्या जिले में लोकपाल का पद खाली है या फिर किसी ‘गुमनाम’ व्यवस्था के सहारे काम चलाया जा रहा है। पारदर्शिता और जवाबदेही के लिए लगाए जाने वाले सूचना बोर्ड ही जब गलत और पुरानी जानकारी देने लगें, तो योजनाओं की निगरानी और विश्वसनीयता पर सीधा असर पड़ता है।
यह मामला सामने आने के बाद बेमेतरा जिले के सभी क्षेत्रों में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं। आम लोगों और जागरूक नागरिकों के बीच इस लापरवाही को लेकर तीखी प्रतिक्रियाएं देखी जा रही हैं और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं।
इस संबंध में जिला सीईओ प्रेमलता पद्माकर से पक्ष जानने के लिए दूरभाष के माध्यम से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनके द्वारा कोई जवाब नहीं मिला। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस गंभीर चूक और अधिकारियों की चुप्पी का संज्ञान लेकर कब तक सुधार करता है तथा लापरवाह अमले पर क्या कार्रवाई होती है।



