*राजिम विधायक रोहित साहू की त्वरित कार्यशैली की सराहना, वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता राजकुमार माधवानी ने सहायता की मांग उठाई*

गरियाबंद:- राजिम विधानसभा क्षेत्र के विधायक रोहित साहू की कार्यशैली और आम लोगों की समस्याओं के त्वरित निराकरण को लेकर क्षेत्र में चर्चा देखने को मिल रही है। स्थानीय वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ता एवं पूर्व जनप्रतिनिधि राजकुमार माधवानी ने विधायक रोहित साहू की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उनके पास कोई भी व्यक्ति अपनी समस्या लेकर पहुंचता है तो उसके निराकरण के लिए तत्काल पहल करने का प्रयास किया जाता है।
राजकुमार माधवानी ने कहा कि उन्होंने अपने लंबे राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन में ऐसी सक्रिय कार्यशैली कम ही देखी है। उन्होंने बताया कि वे वर्ष 2000 से लगातार संगठन और सामाजिक गतिविधियों से जुड़े रहे हैं। वे पूर्व पार्षद, पूर्व पंच एवं सभापति, पूर्व सिंधी समाज अध्यक्ष तथा पूर्व युवा मोर्चा अध्यक्ष जैसे विभिन्न दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं।
उन्होंने कहा कि लंबे समय तक पार्टी और समाज के लिए सक्रिय रहने के बावजूद वर्तमान समय में उनकी आर्थिक एवं व्यक्तिगत स्थिति काफी कठिन दौर से गुजर रही है। उनका कहना है कि ऐसे समय में उन्हें अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पा रहा है और वे आर्थिक रूप से काफी परेशानियों का सामना कर रहे हैं।
*मुख्यमंत्री और विधायक से सहायता की अपेक्षा*
राजकुमार माधवानी ने प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं राजिम विधायक रोहित साहू से मांग की है कि उनकी वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए उन्हें किसी शासकीय योजना अथवा उचित माध्यम से अनुदान व आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की जाए।
उन्होंने कहा कि उन्होंने लंबे समय तक पार्टी, समाज और जनसेवा के क्षेत्र में अपनी जिम्मेदारियां निभाई हैं। वर्तमान कठिन परिस्थितियों में उन्हें शासन एवं जनप्रतिनिधियों से सहयोग की उम्मीद है।
माधवानी ने यह भी कहा कि विधायक रोहित साहू जिस तरह आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल समाधान की दिशा में पहल कर रहे हैं, उसी प्रकार उनकी व्यक्तिगत परिस्थिति पर भी संवेदनशीलता से विचार किया जाएगा, ऐसी उन्हें उम्मीद है।
अब देखना होगा कि मुख्यमंत्री और राजिम विधायक की ओर से वरिष्ठ कार्यकर्ता राजकुमार माधवानी की आर्थिक स्थिति को लेकर क्या पहल की जाती है।



