*देवरबीजा की 55 छात्राओं को मिली निःशुल्क साइकिल, विधायक दीपेश साहू बोले— शिक्षा की राह में आत्मनिर्भरता की सवारी बनेगी साइकिल*

बेमेतरा/देवरबीजा:- बालिकाओं को शिक्षा से जोड़ने, स्कूलों में उनकी नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने और उनका हौसला बढ़ाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘मुख्यमंत्री सरस्वती साइकिल योजना’ के तहत पीएम श्री शासकीय स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी एवं हिंदी माध्यम विद्यालय देवरबीजा में निःशुल्क साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बेमेतरा विधायक दीपेश साहू अपनी धर्मपत्नी तरुणा साहू के साथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर कक्षा 9वीं की 55 पात्र छात्राओं को निःशुल्क साइकिलें वितरित की गईं, जिससे उनके चेहरे खिल उठे।
*सपनों को आगे बढ़ाने का सशक्त माध्यम: विधायक दीपेश साहू*
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक दीपेश साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री सरस्वती साइकिल योजना राज्य सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है। ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाली छात्राओं को स्कूल पहुंचने में कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में यह साइकिल सिर्फ आवागमन का साधन नहीं, बल्कि बेटियों के सपनों को उड़ान देने, उनमें आत्मविश्वास जगाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम है। उन्होंने छात्राओं से नियमित रूप से स्कूल आने और मन लगाकर पढ़ाई कर जिले का नाम रोशन करने की अपील की।
*जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की रही गरिमामय उपस्थिति*
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में बलराम पटेल जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रतिनिधि, हेमलाल पांडु देवांगन सरपंच व महामंत्री, देवरबीजा मंडल, नीरज राजपूत जनपद सदस्य, संजीव तिवारी सोसायटी अध्यक्ष, राजेश पटेल और सुखेन यादव अध्यक्ष, युवा मोर्चा मंडल देवरबीजा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की सफलता में प्राचार्य सविता तिवारी, कोमल देवांगन, ठाकुर राम निर्मलकर, राजकुमार राजपूत, सुखी साहू, देवलाल साहू, वीरबहादुर सेन, फलेश मधुकर, दिलीप विश्वकर्मा, निर्मल टंडन सहित विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं, पालकों और जनप्रतिनिधियों का विशेष योगदान रहा। साइकिलें मिलने पर छात्राओं ने प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे अब उन्हें रोजाना स्कूल आने-जाने में आसानी होगी और पढ़ाई के प्रति उनका उत्साह दोगुना हो गया है।



