*शाम ढलते ही सड़कों पर कीड़ों का कहर, बाइक चालकों के लिए बढ़ी आफत*

बेमेतरा/बेरला:- बारिश के मौसम की शुरुआत के साथ ही बेमेतरा और बेरला अंचल की हर मुख्य सड़क और राहों पर उड़ने वाले कीड़ों व मच्छरों का कहर देखने को मिल रहा है। शाम ढलते ही सड़कों पर स्ट्रीट लाइटों और वाहनों की रोशनी के आसपास छोटे-छोटे कीड़ों के झुंड मंडराने लगते हैं, जिससे मोटरसाइकिल और स्कूटी से सफर करने वाले यात्रियों के लिए आना-जाना किसी बड़ी मुसीबत से कम नहीं रह गया है।
अंचल में अक्सर देखा जा रहा है कि अधिकांश बाइक चालक बिना हेलमेट लगाए ही अपने घरों से निकल पड़ते हैं। यात्रा के दौरान जैसे ही शाम होती है, तेजी से उड़ते हुए ये छोटे-छोटे कीड़े सीधे चालकों के चेहरे और आंखों में जाकर घुस जाते है। आंख में कीड़ा चले जाने से अचानक जलन होने लगती है और दृष्टि बाधित हो जाती है, जिससे तेज रफ्तार वाहनों के अनियंत्रित होकर गिरने या आपस में टकराने से बड़ी दुर्घटना घटने की आशंका बनी रहती है।
परेशानी उस वक्त और ज्यादा विकराल रूप ले लेती है जब सड़कों के बीचों-बीच आवारा व घुमंतू मवेशी बैठे रहते है। तेज रफ्तार में वाहन चलाते समय अचानक जब कीड़ों का झुंड आंखों के सामने आता है या आंख में घुसता है, तो चालक सामने बैठे मवेशियों को देख नहीं पाते। ऐसे में वाहन सीधे मवेशियों से टकरा जाते हैं, जिससे आए दिन गंभीर सड़क हादसे हो रहे हैं और जान-माल का भारी जोखिम बना हुआ है।
सड़क पर बढ़ते हादसों और कीड़ों के प्रकोप को ध्यान में रखते हुए शासन-प्रशासन ने सभी दोपहिया वाहन चालकों को अनिवार्य रूप से फुल-फेस हेलमेट पहनकर ही घर से निकलने की सख्त हिदायत दी है। प्रशासन ने अपील की है कि यात्रा के दौरान हेलमेट का शीशा बंद रखें या पारदर्शी चश्मे का इस्तेमाल करें, ताकि कीड़ों से बचाव हो सके और किसी भी अप्रिय घटना से सुरक्षित बचा जा सके।



