*स्वामी आत्मानंद विद्यालय कुसमी से निकली भव्य तिरंगा साइकिल यात्रा, छात्राओं को बांटी गईं साइकिलें, किया गया पौधारोपण*

बेरला/कुसमी:- नगर पंचायत कुसमी स्थित स्वामी आत्मानंद हिंदी एवं अंग्रेजी शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में राष्ट्रीय भावना, बालिका शिक्षा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान सैकड़ों छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं नगरवासियों की उपस्थिति में ‘तिरंगा साइकिल यात्रा’ निकाली गई।
हाथों में तिरंगा थामे विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ देशभक्ति के नारे लगाए और नगरवासियों को राष्ट्रप्रेम व राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया। तिरंगे की छांव में निकली इस साइकिल यात्रा ने पूरे क्षेत्र को देश भक्ति के रंग में सराबोर कर दिया।
सरस्वती साइकिल योजना से आसान होगा शिक्षा का सफर
यात्रा के उपरांत आयोजित मुख्य समारोह में ‘सरस्वती साइकिल योजना’ के तहत विद्यालय की मेधावी छात्राओं को नि:शुल्क साइकिल वितरण किया गया। वक्ताओं ने कहा कि यह योजना दूर-दराज से आने वाली बेटियों के लिए वरदान साबित होगी और इससे उनकी पढ़ाई का सफर और भी सुगम बनेगा।
*हरियाली और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प*
कार्यक्रम के दौरान केवल देशभक्ति ही नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी भी निभाई गई। अतिथियों एवं विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण और ‘हरित भविष्य’ का संदेश दिया।
*वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक रहे उपस्थित*
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना योगेश जी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष चंद्रप्रकाश साहू ने की। इसके अलावा पूर्व सरपंच संतोष साव, भारतीय जनता युवा मोर्चा महामंत्री अभिषेक साहू, पार्षद यमनी डूनाल, पार्षद देवा साहू, पार्षद समीर साहू, पार्षद दीपक साहू, पार्षद मंजू दीपक यादव, खिलेश सोनी सहित नगर के कई वरिष्ठ गणमान्य नागरिक, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन तिरंगे की शान, बेटियों की शिक्षा और हरियाली का सम्मान-यही हमारा संकल्प के संदेश के साथ हुआ।



