विविध

*अंचल में आबकारी व पुलिस की शह पर फल-फूल रहा अवैध शराब का सिंडिकेट मासूमों का भविष्य दांव पर, जनप्रतिनिधियों पर उठे सवाल*

 

​बेमेतरा/कोदवा:- ​बेरला ब्लॉक के कोदवा क्षेत्र में शासन-प्रशासन और स्थानीय पुलिस की नाक के नीचे अवैध शराब का कारोबार अपने चरम पर पहुंच गया है। शासकीय शराब दुकान संचालित होने के बावजूद तस्करों द्वारा अलसुबह से देर रात तक ग्राम कोदवा, मोहभट्ठा, मनियारी और परपोड़ा समेत दर्जनों गांवों में किराना दुकानों, पान ठेलों और सुनसान रास्तों से बेखौफ शराब खपाई जा रही है।

*​कार्रवाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति, साठगांठ का आरोप*

स्थानीय ग्रामीणों और जनसेवक रवींद्र भास्कर चौबे का सीधा आरोप है कि पुलिस और आबकारी विभाग केवल नाममात्र की खानापूर्ति करते हैं। थाने से छूटते ही माफिया दोबारा उसी अवैध धंधे में लिप्त हो जाते हैं। आरोप है कि लेनदेन और कथित साठगांठ के कारण कोई कठोर कानूनी कार्रवाई नहीं होती। इसके साथ ही ग्राम पंचायत के सरपंच, सचिव और गांव के कोटवार द्वारा समय पर प्रशासन को सूचना न देना और चुप्पी साधे रखना भी इस अवैध कारोबार को बढ़ावा दे रहा है।
*​नशे के जाल में फंसते मासूम, छिन रहा बचपन*

इस अवैध खेल का सबसे खौफनाक पहलू यह है कि स्कूल जाने की उम्र में बच्चे शराब और अन्य मादक पदार्थों की गिरफ्त में आ रहे हैं। कम उम्र के छात्रों के हाथों में किताबों की जगह शराब की बोतलें आ चुकी हैं, जिससे उनका शैक्षणिक व नैतिक विकास पूरी तरह ठप हो रहा है।

*​घरेलू हिंसा से हलकान महिलाएं, सड़कों पर निकलना दूभर*

अवैध शराब के कारण गांवों में शाम ढलते ही असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लग जाता है, जिससे महिलाओं का रास्तों से गुजरना दुश्वार हो गया है। घरेलू हिंसा और आर्थिक तंगी से जूझ रही ग्रामीण महिलाओं में आबकारी विभाग व पुलिस की निष्क्रियता को लेकर भारी आक्रोश व्याप्त है।

*​ग्रामीणों की चेतावनी: तुरंत हो छापेमारी, वरना होगा उग्र आंदोलन*

क्षेत्रवासियों और महिलाओं ने उच्च अधिकारियों से मांग की है कि कोदवा और आस-पास के इलाकों में तत्काल पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, अवैध ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की जाए और जिम्मेदार सरपंच, सचिव व कोटवार की भूमिका की भी जांच हो। ग्रामीणों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही कठोर कार्रवाई नहीं की गई, तो वे सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

GAUTAM BEMTRA

Related Articles

Back to top button