छत्तीसगढ़
अबुझमाड़ के 90 प्रतिशत परिवारों का पूरा हुआ सर्वेक्षण

कलेक्टर ने सामाजिक आर्थिक सर्वेक्षण की प्रगति की ली जानकारी
अबुझमाड़ के 90 प्रतिशत परिवारों का पूरा हुआ सर्वेक्षण

नारायणपुर के 95 प्रतिशत परिवारों का हुआ सामाजिक आर्थिक सर्वेक्षण
नारायणपुर, 18 अप्रैल 2023 – जिला कार्यालय के सभा कक्ष में आज कलेक्टर श्री अजीत वसन्त द्वारा समय सीमा की बैठक ली गई। बैठक मे उन्होने सामाजिक आर्थिक सर्वेक्षण की प्रगति, रीपा अंतर्गत निर्माण कार्य, जाति प्रमाण पत्र, आयुश्मान कार्ड बनाने सहित विभिन्न निर्माण कार्यो की जानकारी लेते हुए कार्य में प्रगति लाने के निर्देश दिये। बैठक के अंतर्गत जानकारी दी गई कि जिले में किये जा रहे सामाजिक आर्थिक सर्वेक्षण में प्राप्त जानकारी अनुसार ओरछा जनपद पंचायत के 90 प्रतिशत परिवारों का सामाजिक आर्थिक सर्वेक्षण कार्य पूरा कर लिया गया है, वहीं नारायणपुर विकासखण्ड के 95 प्रतिशत परिवारों का सामाजिक आर्थिक सर्वेक्षण कर लिया गया है। बैठक में बताया गया कि जनपद नारायणपुर में लगभग 24 हजार तथा जनपद ओरछा में 10003 परिवारों का सर्वेक्षण किया गया। गौरतलब है कि ओरछा ब्लॉक के पहाड़ी वन क्षेत्रों में बसे ग्रामो का सर्वेक्षण पहली बार किया गया है। इसके अलावा इन ग्रामो में बसे ग्रामीणों की अन्य आवश्यक जानकारियां भी अपलोड की जा रही है और इन जानकारियों के माध्यम से शासन की हितग्राही मूलक योजनाओ का लाभ आने वाले समय में इन ग्रामों को मिलेगा।
बैठक में कलेक्टर ने रीपा के अंतर्गत एड़का, नेतानार, ओरछा एवं छोटेडोंगर में चल रहे निर्माण कार्यो की जानकारी ली। इसके अलावा उन्होने निर्देशित किया कि आगामी शिक्षा सत्र के प्रारंभ होने से पहले ही शालाओं में जाति प्रमाण पत्र बनाने और वितरण करने के कार्य को पूर्ण कर लिया जावे और सभी छात्रावास आश्रम मे स्वच्छ पेयजल हेतु आरओ सिस्टम लगवाएं। उन्होने शिक्षा विभाग को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी आश्रमों एवं छात्रावासों मे छात्रों को अनिवार्य रूप से टीवी पर समाचार चैनल देखने के लिए प्रेरित करें। इसके साथ ही उन्होने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सभी स्वास्थ्य केन्द्रों में बाउंड्रीवाल निर्माण करने हेतु सूची तैयार करने के निर्देश देते हुए कहा कि छात्रावासो में भी बाउंड्रीवाल निर्माण कार्य में तेजी लाएं। आंगनबाड़ी केन्द्रों में विद्युतिकरण कार्य की समीक्षा करते हुए कहा कि महिला बाल विकास विभाग एवं विद्युत विभाग इस संबंध में आपसी समन्वय कर इस कार्य को पूरा करें।
इसके साथ ही बैठक मे समय सीमा के लंबित प्रकरण जैसे वनाधिकारी पट्टाधारी एवं मसाहती हितग्राहियों को हितग्राही मूलक कार्य, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, खरीफ विपणन वर्श में खरीदी केन्द्रो के मिलान, आयुश्मान अभियान के चतुर्थ चरण, ग्राम गौरदण्ड एवं नेलवाड़ में निर्माणाधीन स्कूल भवन को पूर्ण कराने सहित अन्य विभागीय प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री देवेश कुमार ध्रुव, वन मंडला अधिकारी श्री संदीप बलगा, अपर कलेक्टर अभिशेक गुप्ता, संयुक्त कलेक्टर दीनदयाल मंडावी, एसडीएम श्री जितेन्द्र कुर्रे, प्रदीप वैद्य सहित विभिन्न विभागों के विभाग प्रमुख उपस्थित थे।




