एआई से बदलेगा गांवों का कामकाज, कबीरधाम में शुरू हुआ ‘मैं एआई जागरूक हूं’ अभियान

*एआई से बदलेगा गांवों का कामकाज, कबीरधाम में शुरू हुआ ‘मैं एआई जागरूक हूं’ अभियान*
*समनापुर के सामुदायिक भवन के सौंदर्यीकरण में एआई के व्यावहारिक उपयोग की पहल*
*कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति के निर्देश पर सेवा संकल्प अभियान में जोड़ी गई तकनीकी जागरूकता*
कवर्धा, 29 सितंबर 2026। डिजिटल तकनीक के तेजी से बदलते दौर में अब कबीरधाम के ग्रामीण क्षेत्रों में भी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की उपयोगिता और इसके व्यावहारिक इस्तेमाल की समझ विकसित की जाएगी। कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति के निर्देश पर जिला प्रशासन द्वारा सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘मैं एआई जागरूक हूं’ अभियान शुरू करने की दिशा में पहल की जा रही है। इसी क्रम में समय-सीमा की बैठक में ‘मैं एआई जागरूक हूं’ अभियान को लेकर प्रस्तुतिकरण किया गया। बैठक में कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति, सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्री नरेन्द्र पैकरा, रामप्रसाद आंचला सहित सभी एसडीएम, तहसीलदार और जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
एआई से बदल रही सामुदायिक भवन की तस्वीर
समय-सीमा बैठक में ईई आरईएस श्री सुरेन्द्र पटेल ने एआई के व्यावहारिक उपयोग का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए बताया कि ग्राम समनापुर के पटेलपारा स्थित सामुदायिक भवन को एआई तकनीक की सहायता से आकर्षक स्वरूप देने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। एआई के माध्यम से भवन के स्वरूप एवं सौंदर्यीकरण से संबंधित नए विचारों और संभावित डिजाइनों को देखा जा रहा है, जिससे उपलब्ध संसाधनों के बेहतर उपयोग के साथ सामुदायिक भवन को अधिक आकर्षक एवं उपयोगी बनाया जा सके। उन्होंने बताया कि इसी प्रकार प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास निर्माण एवं उससे जुड़े कार्यों की बेहतर योजना बनाने में भी एआई तकनीक का उपयोग किया जा सकता है। इससे हितग्राहियों को अपने आवास के स्वरूप, उपयोगी सुविधाओं और बेहतर डिजाइन की संभावनाओं को समझने में मदद मिल सकती है।
ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचेगी एआई की समझ
जिला प्रशासन का उद्देश्य एआई को केवल आधुनिक तकनीक तक सीमित न रखते हुए इसे आम नागरिकों के लिए उपयोगी बनाने पर जोर देना है। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को एआई के सुरक्षित, जिम्मेदार एवं उपयोगी प्रयोग की जानकारी देने से डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा मिलेगा। ‘मैं एआई जागरूक हूं’ अभियान के माध्यम से सेवा संकल्प अभियान में तकनीकी जागरूकता और जनसशक्तिकरण को जोड़ा जा रहा है। जिला प्रशासन द्वारा एआई के व्यावहारिक उपयोग के ऐसे उदाहरणों को प्रोत्साहित कर नागरिकों को बदलते डिजिटल युग के लिए तैयार करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।



