विविध

*व्यायाम शिक्षिका काजल कुमारी को मिला शहीद पंकज विक्रम सम्मान*

बेरला/देवरबीजा:- राष्ट्रीय खेल दिवस के शुभ अवसर पर 29 अगस्त को आयोजित राज्य खेल अलंकरण समारोह में पीएम श्री सेजेस देवरबीजा की व्यायाम शिक्षिका (पीटीआई) और टेबल टेनिस खिलाड़ी काजल कुमारी को ‘शहीद पंकज विक्रम सम्मान’ (सत्र 2023–24) से विभूषित किया गया। राजधानी रायपुर में आयोजित इस भव्य समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने करकमलों से उन्हें यह प्रतिष्ठित ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। कार्यक्रम में शासन के मंत्रीगण एवं अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

 

*17 वर्षों की कठिन साधना का मिला फल*

 

काजल कुमारी बीते 17 वर्षों से टेबल टेनिस के खेल से सक्रिय रूप से जुड़ी हुई हैं। एक खिलाड़ी के तौर पर अपने लंबे करियर में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के बाद मिला यह राज्य स्तरीय सम्मान उनके लिए अत्यंत गौरवपूर्ण उपलब्धि है। विशेष बात यह है कि खेल अलंकरण सत्र 2023–24 के तहत संपूर्ण बेमेतरा जिले से केवल काजल कुमारी को ही इस सम्मान के लिए चुना गया है।

विद्यालय व क्षेत्र में हर्ष की लहर

एक शिक्षिका और खिलाड़ी के रूप में उनकी इस ऐतिहासिक सफलता से न केवल देवरबीजा क्षेत्र बल्कि पूरे बेमेतरा जिले का नाम गौरवान्वित हुआ है। इस उपलब्धि पर विद्यालय की प्राचार्य सविता तिवारी, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा पीएम श्री सेजेस परिवार ने उन्हें बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सहकर्मियों का कहना है कि काजल कुमारी का यह सफर विद्यालय के विद्यार्थियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।

GAUTAM BEMTRA

Related Articles

Back to top button