*साजा में शिक्षक साझा मंच की सेवा सुरक्षा न्याय यात्रा, एसडीएम व बीईओ को सौंपा ज्ञापन*

बेमेतरा/साजा:- छत्तीसगढ़ के एलबी संवर्ग के शिक्षक संगठनों के संयुक्त मंच शिक्षक साझा मंच के तत्वावधान में 22 अगस्त को ‘सेवा सुरक्षा न्याय यात्रा’ का प्रथम चरण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यात्रा के समापन पर शिक्षक प्रतिनिधियों ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी बीईओ साजा और अनुविभागीय अधिकारी एसडीएम साजा के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री, शिक्षामंत्री तथा लोक शिक्षण संचालनालय डीपीआई को अपनी विभिन्न मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा।
*टीईटी अनिवार्यता पर सेवा सुरक्षा व पदोन्नति की मांग*
ज्ञापन में मुख्य रूप से शिक्षकों की सेवा सुरक्षा और पदोन्नति के विषय को प्रमुखता से उठाया गया। मंच की मांग है कि मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना और असम जैसे अन्य राज्यों की तर्ज पर छत्तीसगढ़ में कार्यरत शिक्षकों को विशेष टीईटी की अनिवार्यता के आधार पर पूर्ण सेवा सुरक्षा प्रदान की जाए। इसके साथ ही, वरिष्ठता सूची के आधार पर पूर्व में प्रचलित नियमों के तहत पदोन्नति प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा किया जाए।
*सुप्रीम कोर्ट के निर्देश और पदोन्नति अवसर की बात*
शिक्षक साझा मंच के ब्लॉक संयोजकों ने स्पष्ट किया कि जब माननीय सुप्रीम कोर्ट द्वारा अगस्त 2028 तक का समय दिया गया है, तो उस अवसर का लाभ शिक्षकों को मिलना चाहिए। उन्होंने मांग की कि इस अवधि को ध्यान में रखते हुए वर्तमान में रुकी हुई पदोन्नति प्रक्रिया को गति दी जाए और पात्र शिक्षकों को पदोन्नति के अवसर प्रदान किए जाएं।
*वेतन विसंगति दूर करने और पूर्व सेवा गणना का आग्रहव*
मंच ने मोदी की गारंटी का उल्लेख करते हुए सहायक शिक्षकों की लंबे समय से चली आ रही वेतन विसंगति को अविलंब दूर करने की मांग की। इसके अलावा शिक्षक संवर्ग की प्रथम नियुक्ति तिथि से पूर्व सेवा की गणना करते हुए क्रमोन्नति, पुरानी पेंशन (OPS) तथा अन्य समस्त वित्तीय व सेवा संबंधी लाभ प्रदान करने का आग्रह किया गया।
*शिक्षा व्यवस्था और शिक्षक मनोबल से जुड़ा मुद्दा*
शिक्षक नेताओं का कहना है कि शासकीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक संवर्ग निष्ठापूर्वक अपनी सेवाएं दे रहे हैं। यह मुद्दा केवल व्यक्तिगत हित तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था और शिक्षकों के मनोबल से सीधे तौर पर जुड़ा हुआ है। इसलिए शासन को इन बुनियादी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेना चाहिए।
*वरिष्ठ अधिकारियों को प्रेषित की गई प्रतियां*
इस ज्ञापन की प्रतिलिपि आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रमुख सचिव (स्कूल शिक्षा विभाग), संचालक (लोक शिक्षण), संयुक्त संचालक एवं जिला शिक्षा अधिकारी को भी प्रेषित की गई है। कार्यक्रम में कार्यकारी प्रांत अध्यक्ष बसंत कौशिक, प्रांतीय मीडिया प्रभारी अशोक कुमार धुर्वे, जिला अध्यक्ष पोखन साहू, चंद्रशेखर पटेल, दम्मन साहू, अजय यादव, तारन दास मानिकपुरी, धनेश रजक, कमल शर्मा, जीवन चंदेल, ढाल सिंह यादव, राकेश देवांगन, सरिता कन्नौजे, लीलावती सिन्हा, विशाखा पटेल, चंदा सिन्हा, ऐश्वरी नेताम सहित सैकड़ों की संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।



