विविध

*प्रधानमंत्री आवास योजना में वित्तीय गड़बड़ी उजागर, ग्राम रौद्रा के सचिव और कर्मचारियों पर निलंबन व सेवा समाप्ति की कार्रवाई*

 

बेमेतरा:- जनपद पंचायत साजा के अंतर्गत आने वाले ग्राम मोतेसरा, ग्राम पंचायत रौद्रा में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत गंभीर वित्तीय अनियमितता सामने आई है। शिकायतकर्ता नीलम निषाद सहित ग्रामीणों द्वारा दी गई शिकायत के आधार पर जिला स्तरीय जांच समिति ने मामले की जांच की। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि आवास हितग्राही कल्याणी बाई व राधेश्याम एवं दुगधी बाई/सुकालू, ग्राम मोतेसरा के मकान निर्माण न होने के बावजूद प्रति हितग्राही ₹95,000-₹95,000 की राशि जारी कर दी गई। आरोप था कि यह राशि भ्रष्ट अधिकारी-कर्मचारियों व रोजगार सहायक की मिलीभगत से बिना निर्माण कार्य के ही अंतरित कर शासन की राशि का गबन किया गया। जिला स्तरीय जांच समिति द्वारा प्रस्तुत जांच प्रतिवेदन में पाया गया कि दोनों हितग्राही पहले से ही पक्के मकान वाले अपात्र थे। इसके बावजूद उन्हें कुल ₹1,90,000 की राशि जारी की गई। जांच में दोषी पाए गए अधिकारी एवं कर्मचारियों से यह संपूर्ण राशि की वसूली कर ली गई है। कड़ी कार्रवाई करते हुये सचिव निलंबित, रोजगार सहायक व आवास मित्र की सेवा समाप्त कि गई है।

 

*वित्तीय अनियमितताओं को गंभीर मानते हुए जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की*

 

रोशन साहू, सचिव मूल प्रभार ग्राम पंचायत किरकी, अतिरिक्त प्रभार ग्राम पंचायत रौद्रा को निलंबित किया गया। विश्राम साहू, तत्कालीन सचिव, ग्राम पंचायत रौद्रा, जनपद पंचायत साजा, को भी निलंबित किया गया। भुनेश्वरी साहू, तत्कालीन ग्राम रोजगार सहायक, ग्राम पंचायत रौद्रा, की सेवा समाप्त की गई। मीना साहू, आवास मित्र, ग्राम पंचायत रौद्रा, की भी सेवा समाप्ति की कार्यवाही की गई है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रधानमंत्री आवास योजना में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और भविष्य में ऐसे मामलों में कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

GAUTAM BEMTRA

Related Articles

Back to top button