*उपलब्धियों से चमका पीएमश्री सेजेस देवरबीजा व्यायाम शिक्षिका काजल को शहीद पंकज विक्रम अवॉर्ड, लॉन टेनिस में प्रभात साहू ने जीता स्वर्ण पदक*

*राज्यस्तरीय खेलों में विद्यार्थियों ने जीते 10 पदक*
बेरला/देवरबीजा:- विकासखण्ड बेरला के अंतर्गत आने वाले पीएमश्री सेजेस देवरबीजा के लिए आज का दिन गौरव एवं हर्ष का रहा। बता दें कि पीएमश्री सेजेस देवरबीजा के छात्र प्रभात साहू भिलाई-दुर्ग में आयोजित 26वीं राज्यस्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता के लॉन टेनिस अंडर-14 वर्ग में विद्यालय के छात्र प्रभात साहू ने दुर्ग संभाग की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए स्वर्ण पदक अर्जित किया। प्रभात साहू की इस उपलब्धि ने विद्यालय की खेल प्रतिभाओं को एक नई पहचान दिलाई है। इन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय अपने व्यायाम शिक्षिका, शिक्षक, विद्यालय के प्राचार्या व अपने माता-पिता को दिया है। साथ ही बताया कि सभी का मार्गदर्शन और कड़ी मेहनत से हौसला बुलन्द रहा। जिससे मैं निरन्तर प्रयास और जीतने की जुनून हमेशा अपनी ताकत बनाया।
वही विद्यालय की व्यायाम शिक्षिका काजल कुमारी को खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धि एवं योगदान के लिए प्रतिष्ठित शहीद पंकज विक्रम अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है।काजल कुमारी विगत कई वर्षों से खेल एवं खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ विद्यार्थियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य कर रही हैं। उनके इस सम्मान से विद्यालय के विद्यार्थियों एवं समस्त स्टाफ में उत्साह और गौरव की भावना है। इसी क्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों ने 26वीं राज्यस्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न खेलों में कुल 10 पदक अर्जित कर विद्यालय का नाम रोशन किया। बिलासपुर में आयोजित राज्यस्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता में विद्यालय के विद्यार्थियों ने तैराकी एवं वाटर पोलो में कुल 9 पदक प्राप्त किए। वाटर पोलो में विद्यालय के खिलाड़ी देवेंद्र ध्रुव एवं हर्ष तथा तैराकी में टीकम, गोपेश एवं ताकेश्वर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय को गौरवान्वित किया। विद्यालय की प्राचार्या सविता तिवारी एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य टी.आर.साहू ने व्यायाम शिक्षिका काजल एवं सभी पदक विजेता विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय परिवार ने कहा कि ये उपलब्धियाँ विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन, लगन एवं खेल शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम हैं। विद्यालय भविष्य में भी विद्यार्थियों को खेल एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए निरंतर प्रोत्साहित करता रहेगा।




