*शिक्षक दिवस पर पुलिस चौकी देवरबीजा ने पूर्व नोडल प्राचार्य बीरेंद्र कुमार देवांगन का किया भव्य सम्मान*

बेरला/देवरबीजा:- देश के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिवस के पावन अवसर पर 5 सितंबर को देशभर में शिक्षक दिवस अत्यंत उत्साह एवं गरिमा के साथ मनाया गया। इसी कड़ी में बेमेतरा जिले के सिटी कोतवाली अंतर्गत आने वाली पुलिस चौकी देवरबीजा में एक विशेष और आत्मीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले गुरुजनों का आदर-सत्कार किया गया।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस चौकी देवरबीजा के समस्त पुलिस परिवार द्वारा पीएम श्री सेजेस स्कूल देवरबीजा के पूर्व प्राचार्य एवं नोडल प्राचार्य बीरेंद्र कुमार देवांगन को विशेष रूप से आमंत्रित कर सम्मानित किया गया। पुलिस कर्मियों ने अत्यंत आदरपूर्वक पूर्व नोडल प्राचार्य देवांगन को शाल एवं श्रीफल भेंट कर उनके लंबे एवं समर्पित शैक्षणिक सेवाकाल की सराहना की और उनका आभार व्यक्त किया।
सम्मान समारोह से अभिभूत होकर पूर्व प्राचार्य बीरेंद्र कुमार देवांगन ने पुलिस परिवार का सहृदय धन्यवाद व्यक्त किया। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि शिक्षक का कार्य समाज को नई दिशा देना और विद्यार्थियों के चरित्र का निर्माण करना है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग द्वारा मिला यह सम्मान उनके लिए अत्यंत गौरवान्वित करने वाला पल है और यह समाज में शिक्षक एवं पुलिस के मजबूत संबंध को दर्शाता है।
इस गरिमामय आयोजन के दौरान देवरबीजा पुलिस चौकी का समस्त स्टाफ, स्थानीय नागरिक एवं स्कूल से जुड़े गणमान्य जन उपस्थित रहे। उपस्थित सभी लोगों ने पूर्व प्राचार्य देवांगन को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं और उनके सुखद एवं समृद्ध जीवन की कामना की। पुलिस परिवार की इस अनूठी और सराहनीय पहल की पूरे क्षेत्र में खूब प्रशंसा की जा रही है।




