विविध

*बेमेतरा में विश्वकर्मा जयंती का भव्य आयोजन, विधायक दीपेश साहू हुए शामिल*

देवरबीजा (बेमेतरा):- गुरुवार को बेमेतरा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत देवरबीजा में राज मिस्त्री कल्याण संघ के तत्वाधान में भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में बेमेतरा विधायक माननीय दीपेश साहू ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।

कार्यक्रम में साजा विधायक ईश्वर साहू विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उनके साथ जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रतिनिधि बलराम पटेल, संडी सरपंच सेवा राम साहू, और देवरबीजा सरपंच भी उपस्थित थे।

विधायक साहू ने की पूजा-अर्चना और दी शुभकामनाएं

मुख्य अतिथि विधायक दीपेश साहू ने सर्वप्रथम भगवान विश्वकर्मा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान विंध्यवासिनी बालिका मानस परिवार, बोड़रा की बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत सुमधुर सांस्कृतिक कार्यक्रम ने पूरे वातावरण को भक्तिमय और उल्लास से भर दिया।

“श्रमिक वर्ग राष्ट्र निर्माण की रीढ़ हैं” – विधायक दीपेश साहू

अपने उद्बोधन में विधायक दीपेश साहू ने भगवान विश्वकर्मा को सृजन, परिश्रम और श्रम का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा, “हमारे देश के कारीगर, शिल्पकार एवं श्रमिक वर्ग राष्ट्र निर्माण की रीढ़ की हड्डी हैं।” उन्होंने विश्वकर्मा जयंती को श्रम को ही पूजा मानकर समाज और देश की प्रगति में योगदान देने की प्रेरणा बताया।

विधायक साहू ने यह भी उल्लेख किया कि राज्य और केंद्र सरकार द्वारा श्रमिकों के कल्याण और सम्मान के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनसे उनके जीवन स्तर में सुधार हो रहा है। उन्होंने भगवान विश्वकर्मा से कामना की कि उनकी कृपा से हर मेहनतकश भाई-बहन के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली आए।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, कारीगर भाई-बहन एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे।

GAUTAM BEMTRA

Related Articles

Back to top button