*बेमेतरा विधायक दीपेश साहू का सम्मान, नए स्कूल भवन के लिए जताया आभार*

बेमेतरा: – बेमेतरा में नए स्कूल भवनों की स्वीकृति मिलने पर शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और शासकीय कन्या स्वामी आत्मानंद विद्यालय के प्रधानाचार्यों, शिक्षकों और स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्यों ने विधायक दीपेश साहू का सम्मान किया। उन्होंने विधायक के आवास पर पहुंचकर शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव को धन्यवाद देते हुए एक लिखित पत्र भी सौंपा।
पत्र में, स्कूल प्रबंधन ने विधायक साहू के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि एक पूर्व छात्र के रूप में उन्होंने स्कूल की जर्जर हालत को समझा और नए भवन के लिए प्राथमिकता से स्वीकृति दिलाई।
*सुरक्षित और आधुनिक शिक्षा का वादा*
शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्रिंसिपल ने इस अवसर पर कहा, “हमारे विद्यालय का नया भवन बेमेतरा की शिक्षा के क्षेत्र में एक मील का पत्थर साबित होगा। वर्षों से जर्जर भवन में पढ़ने वाले छात्रों को अब एक सुरक्षित और आधुनिक माहौल मिलेगा। विधायक दीपेश साहू, जो स्वयं इसी स्कूल से पढ़े हैं, उनकी संवेदनशीलता हर कदम पर दिखती है। हम पूरे स्कूल परिवार की ओर से उनका आभार व्यक्त करते हैं।”
वहीं, शासकीय कन्या स्वामी आत्मानंद विद्यालय की प्रिंसिपल ने कहा, “यह नया भवन कन्या शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। आधुनिक कक्षाएं और बेहतर शैक्षणिक माहौल हमारी छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करेगा। विधायक जी ने हमेशा शिक्षा को प्राथमिकता दी है, और यह स्वीकृति इसका प्रमाण है। हम उनके प्रति कृतज्ञता प्रकट करते हैं।”
विधायक साहू ने इस सम्मान पर गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि यह उनके लिए सौभाग्य की बात है कि उन्हें अपने ही स्कूल के लिए नया भवन स्वीकृत कराने का मौका मिला। उन्होंने कहा, “शिक्षा ही समाज की सबसे बड़ी पूंजी है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और शिक्षा मंत्री के सहयोग से बेमेतरा को यह सौगात मिली है।” उन्होंने यह भी विश्वास दिलाया कि शिक्षा के क्षेत्र में विकास की यह यात्रा आगे भी जारी रहेगी।
इस मौके पर दोनों स्कूलों के प्रधानाचार्य और शिक्षकगण मौजूद थे, जिसमें गौरव साहू, प्रेमलता नेमा गुप्ता, ठाकुर दास जांगड़े, कविता वाजपई, राजेंद्र साहू, नन्द लाल रात्रे, तेमेश्वर गजेंद्र, प्रीति वर्मा, सुनील झा, डी.आर. साहू, योगेन्द्र वर्मा और हिरेंद्र साहू शामिल थे।




