*धमधा पुलिस की बड़ी सफलता: 24 घंटे में हत्या का आरोपी गिरफ्तार*

धमधा-: धमधा पुलिस ने पैसे के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में अपने साथी की हत्या करने वाले आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना धमधा थाना क्षेत्र के जाताघर्रा और कन्हारपुरी गांव के बीच निर्माणाधीन पुल के पास घटी थी।
जानकारी के अनुसार, 18 जुलाई 2025 को पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम जाताघर्रा व कन्हारपुरी के बीच निर्माणाधीन पुल के पास पानी भरे गड्ढे में मानसिंह वल्के (40 वर्ष, निवासी रामघड़ी, बालाघाट, मध्यप्रदेश) का शव पड़ा है। धमधा पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम करवाया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टर ने सिर पर किसी ठोस वस्तु से आई चोट को मृत्यु का कारण बताया, जिसके बाद धमधा थाना में हत्या का मामला (अपराध क्रमांक 96/2025 धारा 103(1) बीएनएस) दर्ज कर जांच शुरू की गई।
विवेचना के दौरान मृतक मानसिंह के साथी कैलाश बिसेन (40 वर्ष, निवासी पिपरटोला, बालाघाट, मध्यप्रदेश) पर संदेह हुआ। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर कैलाश ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी ने बताया कि 17 जुलाई 2025 की रात करीब 7 बजे शराब पीने के बाद मानसिंह के साथ पैसे के लेनदेन को लेकर उसका विवाद हो गया था। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों के बीच हाथापाई हुई, और इसी दौरान कैलाश ने पास रखे एक पत्थर से मानसिंह के सिर के पीछे प्राणघातक हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
आरोपी कैलाश बिसेन को आज 19 जुलाई 2025 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय में पेश किया गया है।




