शीतला तालाब में तीन घंटे की सफाई में निकली शराब की बोतलें और प्लास्टिक

कांकेर
संत निरंकारी मिशन द्वारा शहर के शीतलापारा स्थित शीतला तालाब में रविवार को स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में मिशन से जुड़े लगभग 70 स्वयंसेवियों ने भाग लेकर तालाब और उसके आसपास की सफाई की। सफाई के दौरान तालाब से भारी मात्रा में कचरा निकला, जिसमें शराब की बोतलें, प्लास्टिक, पॉलिथीन और गुटखा पैकेट शामिल थे।
गुरु बाबा हरदेव सिंह की जयंती के अवसर पर मिशन द्वारा लगातार चौथे वर्ष यह अभियान चलाया गया। इस वर्ष देशभर में लगभग 1500 सरोवर और कुंडों की सफाई की जा रही है। सद्गुरु माता सुदीक्षा के मार्गदर्शन में ‘अमृत प्रोजेक्ट’ के तहत स्वच्छ जल, स्वच्छ मन का संदेश देते हुए यह अभियान आयोजित किया गया। सुबह 8 बजे से 11 बजे तक चले अभियान में स्वयंसेवकों ने तालाब के अंदर उतरकर सफाई की। तीन घंटे की मेहनत के बाद तालाब काफी हद तक साफ दिखाई देने लगा। मिशन के सदस्यों ने लोगों को जल संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि जल स्रोतों को स्वच्छ रखना सभी की जिम्मेदारी है।
अभियान में पुरुषों के साथ महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। सफाई के दौरान तालाब और घाट के आसपास से दो ट्रैक्टर कचरा निकाला गया। इसमें पॉलिथीन, गुटखा पैकेट, कोल्ड ड्रिंक और प्लास्टिक की बोतलों के साथ बड़ी संख्या में शराब की बोतल और उनके टुकड़े मिले। स्वयंसेवकों ने बताया कि शाम होते ही कुछ लोग यहां शराब पीकर बोतलें तोड़ देते हैं, जिससे तालाब गंदा हो रहा है।
स्वयंसेवकों ने यह भी शिकायत की कि तालाब परिसर में कहीं भी डस्टबिन नहीं रखा गया है, जिसके कारण लोग खुले में कचरा फेंक देते हैं। शासन द्वारा तालाब के आसपास पाथवे, गार्डन, झूले और लाइटिंग पर लाखों रुपए खर्च किए गए हैं, लेकिन गंदगी और असामाजिक तत्वों के कारण इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है।
हर साल तालाब में चलाते हैं अभियान: मिशन द्वारा पिछले चार वर्षों से गुरु बाबा हरदेव सिंह की जयंती पर तालाबों में सफाई अभियान चलाया जा रहा है। वर्ष 2023 और 2024 में डढ़िया तालाब में सफाई की गई थी, जबकि 2025 में सेन चौक स्थित नेगी तालाब में अभियान चला। इस वर्ष शीतला तालाब को चुना गया। इस अभियान में कांकेर शहर के अलावा चारामा और नंदनमारा क्षेत्र से भी मिशन से जुड़े लोग शामिल हुए। पिछले वर्ष 50 स्वयंसेवकों ने हिस्सा लिया था, जबकि इस बार 70 लोग अभियान में जुटे। विधायक नेताम पहुंचे, तालाब का लिया जायजा कांकेर विधायक आशाराम नेताम तथा नगरपालिका अध्यक्ष अरुण कौशिक भी अभियान का जायजा लेने पहुंचे और स्वयंसेवकों के प्रयासों की सराहना की। मिशन के संयोजक राजा देवनानी ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य लोगों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि जल है तो जीवन है, इसलिए तालाबों को स्वच्छ रखना सभी की जिम्मेदारी है। वहीं मनीष देवनानी ने तालाब परिसर में डस्टबिन लगाने की आवश्यकता बताई। अभियान में सन्नी खटवानी, संतोष उपाध्याय, प्रदीप साहू, कबीर देवनानी, घनश्याम सिन्हा, चांदनी खटवानी, सुमन देवनानी, दुलारी, सुनीता, समदिशा देवनानी, आरोहन देवनानी, निर्मला माखिजा और प्रभुराम प्रजापति सहित कई लोग शामिल रहे।




