देश दुनिया

छत्तीसगढ़ की बेटी सुप्रिया ठाकुर बनीं भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट

छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले की एक होनहार बेटी ने कम उम्र में भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनकर प्रदेश का मान बढ़ाया है। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले की एक होनहार बेटी ने कम उम्र में भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनकर प्रदेश का मान बढ़ाया है। मुंगेली जिले के ग्राम टेढ़ाधौरा निवासी कुमारी सुप्रिया ठाकुर का चयन भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट पद के लिए हुआ है। सुप्रिया का चयन एसएससी (डब्ल्यू) टेक-66 एंट्री के माध्यम से हुआ है। 

उन्हें 17 एसएसबी बोर्ड, बेंगलुरु से रिकमेंडेशन प्राप्त हुआ। खास बात यह है कि सुप्रिया ने इलेक्ट्रॉनिक्स वैकेंसी में ऑल इंडिया रैंक-4 हासिल कर देशभर में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। सुप्रिया ने अपनी स्कूली शिक्षा सेंट जोसेफ कॉन्वेंट हायर सेकेंड्री स्कूल, तारबहार, बिलासपुर से पूरी की। इसके बाद उन्होंने चौकसे इंजीनियरिंग कॉलेज से इलेक्ट्रॉनिक्स एंड टेलीकम्युनिकेशन में इंजीनियरिंग की पढ़ाई की। सुप्रिया एनसीसी का ‘C’ सर्टिफिकेट भी प्राप्त कर चुकी हैं। एनसीसी के दौरान ही उन्हें भारतीय सेना के कार्यप्रणाली का अनुभव मिला, जिससे उनके भीतर देशसेवा का सपना और मजबूत हुआ। सुप्रिया ने बताया कि बचपन से ही उनके मन में सेना में अधिकारी बनकर देश की सेवा करने की इच्छा थी। अपनी सफलता का श्रेय उन्होंने अपने माता-पिता और भाई को दिया, जिन्होंने हर कदम पर उनका हौसला बढ़ाया। सुप्रिया के पिता वैदेही शरण सिंह श्रीनेत और माता संतोषी सिंह श्रीनेत मूल रूप से ग्राम टेढ़ाधौरा, जिला मुंगेली के निवासी हैं, जबकि सुप्रिया की पढ़ाई बिलासपुर में हुई।

सुप्रिया की इस उपलब्धि पर पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने भी सुप्रिया ठाकुर को भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट पद पर चयनित होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुंगेली की यह बेटी अब प्रशिक्षण अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर भारतीय सेना में अधिकारी के रूप में देशसेवा का संकल्प पूरा करेंगी। उन्होंने यह सिद्ध कर दिया है कि मेहनत, लगन और बड़े सपनों के साथ गांव से निकलकर भी देश की शान बना जा सकता है।

Abhitab Namdeo

Related Articles

Back to top button