कबीरधाम विशेष

कृषि विज्ञान केंद्र कवर्धा में दो दिवसीय मानव संसाधन विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

*कृषि विज्ञान केंद्र कवर्धा में दो दिवसीय मानव संसाधन विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित*

कवर्धा, 16 दिसंबर 2025। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत वनस्पति संरक्षण, संगरोध एवं संग्रह निदेशालय के केंद्रीय एकीकृत नाशीजीव प्रबंधन केंद्र, रायपुर तथा कृषि विज्ञान केंद्र कवर्धा के संयुक्त तत्वावधान में रबी 2025-26 के लिए दो दिवसीय मानव संसाधन विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन दिनांक 12 एवं 13 दिसंबर 2025 को कृषि विज्ञान केंद्र कवर्धा, जिला कबीरधाम में किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिले के लगभग 65 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें मुख्य रूप से प्रगतिशील किसान, किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) के सदस्य, किसान मित्र, कृषि सखी एवं महिला स्व-सहायता समूहों की किसान महिलाएं शामिल रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. रीता सिंगारे, वनस्पति संरक्षण अधिकारी (की.वि.) एवं डॉ. बी.पी. त्रिपाठी, वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख, कृषि विज्ञान केंद्र कवर्धा द्वारा किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान डॉ. रीता सिंगारे द्वारा धान एवं सब्जी फसलों में लगने वाले प्रमुख कीट एवं रोगों के लक्षण, उनकी पहचान तथा एकीकृत नाशीजीव प्रबंधन तकनीकों के माध्यम से प्रबंधन के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही किसानों को इन तकनीकों को अपनाने हेतु प्रेरित किया गया। डॉ. बी.पी. त्रिपाठी ने गन्ना एवं चना फसल में लगने वाले कीट एवं रोगों की पहचान तथा उनके प्रभावी प्रबंधन की जानकारी प्रदान की। वहीं डॉ. आशीष जायसवाल, वरिष्ठ वैज्ञानिक (पौध संरक्षण) ने बीजोपचार के महत्व पर प्रकाश डालते हुए मक्का फसल में लगने वाले विभिन्न कीट एवं रोगों के लक्षण एवं उनके प्रबंधन के उपाय बताए।
कार्यक्रम में श्री कन्हैया लाल, वैज्ञानिक सहायक द्वारा कीटनाशकों के सुरक्षित एवं उचित उपयोग के संबंध में किसानों को जागरूक किया गया। साथ ही एन.पी.एस.एस. मोबाइल एप को किसानों के मोबाइल में डाउनलोड कराते हुए उसके उपयोग एवं विशेषताओं की विस्तार से जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त पीले एवं नीले चिपचिपे प्रपंच, फेरोमोन प्रपंच, प्रकाश प्रपंच एवं फ्रूट फ्लाई प्रपंच जैसे विभिन्न कीट प्रबंधन उपकरणों पर भी विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम के अंत में किसानों को जैव नियंत्रण कारक का वितरण किया गया। इस अवसर पर इंजी. टी.एस. सोनवानी (विषय वस्तु विशेषज्ञ, कृषि अभियांत्रिकी), डॉ. बी.एस. परिहार (विषय वस्तु विशेषज्ञ, सस्य विज्ञान), डॉ. एन.सी. बंजारा (विषय वस्तु विशेषज्ञ, उद्यानिकी), कु. सुचित्रा हारोमुचुडी (वनस्पति संरक्षण अधिकारी, की.वि.), श्री सूरज कुमार गोंड (एमटीएस) सहित कृषि विज्ञान केंद्र के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

Abhitab Namdeo

Related Articles

Back to top button