*ग्राम मटका में 52 लाख की लागत से बनेगी सड़क और नाली*

बेमेतरा: बेमेतरा विधानसभा के ग्राम मटका में लंबे समय से चली आ रही सड़क और नाली की समस्या का जल्द ही समाधान होने वाला है। मुख्यमंत्री ग्राम गौरवपथ योजना के तहत गांव में सीसी रोड और नाली निर्माण के लिए 52 लाख 1 हजार रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है। इस बड़ी सौगात के लिए ग्रामीणों ने बेमेतरा विधायक दीपेश साहू का आभार व्यक्त किया है।
ग्रामीणों के प्रतिनिधिमंडल ने विधायक साहू के निज निवास कार्यालय पहुंचकर उनका धन्यवाद किया। उन्होंने बताया कि सालों से गांव में सड़क और नाली की खराब स्थिति के कारण बरसात में भारी कीचड़ और जलभराव हो जाता था, जिससे लोगों को आवाजाही में बहुत परेशानी होती थी। कई बार शिकायत करने के बाद भी इस समस्या का कोई समाधान नहीं निकल पाया था।
ग्रामीणों ने कहा कि विधायक दीपेश साहू ने उनकी समस्या को गंभीरता से लिया और इसके समाधान के लिए लगातार प्रयास किए। इस स्वीकृति से अब गांव की तस्वीर बदलेगी और विकास की एक नई राह खुलेगी।
इस मौके पर विधायक दीपेश साहू ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा, “आपकी समस्याएं मेरी समस्याएं हैं।” उन्होंने कहा कि यह सिर्फ शुरुआत है और उनका लक्ष्य है कि विधानसभा के हर गांव में सड़क, नाली, पेयजल और शिक्षा जैसी बुनियादी सुविधाएं बेहतर हों। उन्होंने ग्रामीणों के विश्वास और सहयोग के लिए उनका धन्यवाद किया और कहा कि उनके सहयोग से ही विकास के कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है।
विधायक ने आगे कहा कि वह पूरे क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं और आने वाले समय में और भी कई विकास कार्यों की सौगातें मिलेंगी। इस दौरान सरपंच मनाराम साहू, हाई स्कूल अध्यक्ष सत्रुहन यदु, सांसद प्रतिनिधि गया राम साहू, बूथ अध्यक्ष द्वारका ध्रुव, मुन्ना यदु, धन्नु साहू सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।




