*गलियों में कीचड़ और गंदे पानी का जमाव, प्रदूषण से ग्रामीण परेशान जनप्रतिनिधियों की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल*

बेरला:- जनपद पंचायत बेरला अंतर्गत ग्राम पंचायत सरदा के वार्ड नंबर 3 में लंबे समय से गंदे पानी और कीचड़ का जमाव बना हुआ है। नालियों की सफाई नहीं होने और पानी निकासी की व्यवस्था न होने से पूरे क्षेत्र में गंदगी और दुर्गंध फैल रही है। इससे मच्छर और बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। इस लापरवाही को लेकर ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों की कार्यप्रणाली पर कड़ी नाराजगी जताई है।
*मोहल्ले में कीचड़युक्त पानी से घरों से निकलना मुश्किल*
वार्डवासियों का कहना है कि मुख्य मार्ग पर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा से ही गली की शुरुआत होती है। बारिश के बाद से गलियों और रास्तों में गंदा पानी जमा है। कीचड़ के कारण बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं को भी इसी रास्ते से होकर गुजरना पड़ रहा है।पानी के जमाव से दुर्गंध आ रही है और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। लोगों को डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों का डर सता रहा है। हाल ही में बस्तर जिले में आई-फ्लू जैसे गंभीर बीमारी का संक्रमण फैलने से यहां के स्थानीय लोगों में भी भय पनप रहा है।
*जनप्रतिनिधियों पर नाराजगी*
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार सरपंच और पंच मनी साहू को मौखिक और लिखित शिकायत की गई, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। न तो नाली की सफाई हुई और न ही पानी निकासी का कोई स्थायी समाधान किया गया। ग्रामीण राजाराम साहू, अघनु साहू, भारत साहू, संतोष साहू, मनहरण साहू, चंद्रशेखर साहू, भोजराम साहू, मोती साहू सहित अन्य लोगों का कहना है कि जनप्रतिनिधि गांव की मूलभूत समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। शासन-प्रशासन द्वारा 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत हर साल लाखों रुपये पंचायत को मूलभूत कार्यों के लिए प्रदान किए जाते हैं। इसके बावजूद ग्राम पंचायत उन राशियों को कहां खर्च करती है, यह सवाल भी उठ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पंचायत क्षेत्र में इस तरह की कई समस्याएं हैं जिन्हें गोपनीय रखा गया है। समस्या का समाधान और शिकायत पंजी बाहर आने से जनप्रतिनिधियों की पोल खुलने का भय उन्हें सताता है। चुनाव के समय बड़े-बड़े वादे किए जाते हैं, लेकिन जीतने के बाद कोई सुध नहीं लेता।
*शासन प्रशासन से की मांग*
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और पंचायत विभाग से मांग की है कि वार्ड 3 में तत्काल सफाई अभियान चलाया जाए, नालियों का निर्माण व मरम्मत कर पानी निकासी की व्यवस्था की जाए और स्वास्थ्य विभाग की टीम भेजकर फॉगिंग कराई जाए।
■■■■■■
इस संबंध में ग्राम पंचायत सरदा सरपंच गौरी विश्वकर्मा नेताम उनके पक्ष जानने के लिए दुरभाषा के माध्यम से संपर्क करने पर उनके द्वारा कोई जवाब नहीं दिया गया।




