कबीरधाम विशेष

कवर्धा के अंधियारखोर गांव में धार्मिक स्थल से छेड़छाड़, मूर्ति टूटी मिली, लोगों में गुस्सा

कवर्धा: छत्तीसगढ़ के वनांचल जिले कवर्धा में एक बार फिर धार्मिक स्थल से छेड़छाड़ की घटना हुई है. यह पूरी घटना पांडातराई थाना क्षेत्र अंतर्गत अंधियारखोर गांव की है. यहां गांव स्थित ठाकुर देव मंदिर में स्थापित मूर्ति को अज्ञात व्यक्ति द्वारा मंदिर से बाहर निकालकर दूर फेंक दिया गया, जिससे मूर्ति खंडित हो गई. घटना की जानकारी मिलते ही पूरे गांव में आक्रोश का माहौल बन गया है. पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है.

शुक्रवार शाम की घटना

ग्रामीणों के अनुसार शाम को जब लोग पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे, तब मूर्ति अपने स्थान पर नहीं मिली. खोजबीन करने पर मूर्ति मंदिर परिसर से कुछ दूरी पर टूटी अवस्था में पाई गई. घटना से नाराज ग्रामीणों ने इसे धार्मिक आस्था से जुड़ा गंभीर मामला बताया है. लोगों ने पुलिस से इस केस में जल्द से जल्द कार्रवाई करते हुए दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग की है.

पुलिस ने इलाके का लिया जायजा

सूचना मिलते ही पंडातराई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने ग्रामीणों को समझाइश देकर उन्हें शांत कराया तथा मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मूर्ति को मंदिर से बाहर फेंककर खंडित किए जाने की पुष्टि हुई है. आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और संभावित संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है.

गांव में पुलिस बल तैनात

 

हालात को देखते हुए कवर्धा पुलिस की टीम गांव में तैनात है. पुलिस प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है.कवर्धा पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर ली जाएगी और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Abhitab Namdeo

Related Articles

Back to top button