*पक्तिया में गौ-धरसा अतिक्रमण मामले में त्वरित कार्रवाई, प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर की जांच*

गरियाबंद:- जिले के ग्राम पंचायत पक्तिया में पारंपरिक गौ-धरसा मवेशियों के आवागमन मार्ग पर कथित अतिक्रमण का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने इस समस्या को लेकर गरियाबंद कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर स्थल निरीक्षण, सीमांकन और अतिक्रमण हटाने की मांग की थी। ग्रामीणों का कहना था कि पारंपरिक मार्ग बाधित होने से मवेशियों की आवाजाही में भारी परेशानी हो रही है।
इस जनसमस्या को ‘जीके न्यूज छत्तीसगढ़’ द्वारा 16 सितंबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था। खबर के प्रकाशित होते ही प्रशासनिक अमला हरकत में आया और अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत संज्ञान लिया।
खबर के असर के बाद प्रशासनिक अधिकारियों की टीम तत्काल पक्तिया गांव पहुंची और संबंधित स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण और राजस्व अभिलेखों की जांच के दौरान स्पष्ट हुआ कि विवादित स्थल राजस्व भूमि के अंतर्गत आता है, जबकि संबंधित भू-स्वामी का अधिकार क्षेत्र किसी अन्य स्थान पर दर्ज है।
प्रशासन की इस त्वरित जांच और कार्रवाई से भूमि की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन के इस त्वरित कदम पर संतोष व्यक्त किया है और मांग की है कि सीमांकन की प्रक्रिया पूरी कर पारंपरिक गौ-धरसा मार्ग को हमेशा के लिए सुरक्षित और अतिक्रमण मुक्त कराया जाए।



