*आनंदगांव में खतरे को न्योता दे रहे लटके स्ट्रीट लाइट और पैनल, दुर्घटना का डर*

बेमेतरा/बेरला:- जनपद पंचायत बेरला के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत आनंदगांव में क्रेडा विभाग की गंभीर लापरवाही सामने आई है। विभाग की उदासीनता के कारण ग्रामीणों को आए दिन परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, वहीं किसी बड़ी अनहोनी की आशंका भी बनी हुई है। जिम्मेदार अधिकारियों के ध्यान न देने से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
*बाजार चौक पर लटक रहे तार और पैनल*
ग्राम पंचायत के शुक्रवारी बाजार चौक पर लगाए गए स्ट्रीट लाइट के पैनल और लाइटें पोल से अधर में लटके हुए हैं। मुख्य बाजार क्षेत्र होने के कारण यहाँ दिन-रात ग्रामीणों और राहगीरों की भारी आवाजाही बनी रहती है। हवा चलने या असावधानी की स्थिति में झूलते हुए तारों और पैनलों से विद्युत दुर्घटना व जनहानि का खतरा लगातार बना हुआ है, जिससे ग्रामीण डर के साए में आवागमन करने को मजबूर हैं।
*सरपंच की शिकायत के बाद भी बेपरवाह रहा विभाग*
ग्राम पंचायत आनंदगांव के सरपंच चंदन नायक ने इस गंभीर समस्या को लेकर क्रेडा विभाग बेमेतरा को कई बार लिखित व मौखिक सूचना दी है। सरपंच का आरोप है कि लगातार शिकायतें दर्ज कराने के बावजूद विभाग का रवैया पूरी तरह से ढुलमुल और गैर-जिम्मेदाराना बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसा प्रतीत होता है मानो विभाग किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार कर रहा हो।
*जल्द मरम्मत का आश्वासन*
इस संबंध में जब क्रेडा विभाग बेमेतरा के कनिष्ठ अभियंता खेमराज वर्मा से दूरभाष पर संपर्क कर उनका पक्ष जानने की कोशिश की गई, तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। वहीं, विभाग के सहायक अभियंता कमल नारायण पुरैना ने कहा कि मामले का संज्ञान लेकर जल्द ही लटके हुए लाइट व पैनलों को दुरुस्त करवा दिया जाएगा।




